अमेरिका में स्काईडाइविंग फ्लाइट कैसे बनी मौत की उड़ान? एक झटके में 12 लोगों की चली गई जान- 5 पॉइंट
अमेरिका के मिसौरी राज्य से एक बेहद दुखद विमान हादसे की खबर सामने आई है. स्काईडाइविंग मिशन पर जा रहा एक छोटा विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई.
Skydiving Plane Crash
अमेरिका के मिसौरी राज्य से एक बेहद दुखद विमान हादसे की खबर सामने आई है. स्काईडाइविंग मिशन पर जा रहा एक छोटा विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिसके चलते किसी भी यात्री को बचाया नहीं जा सका.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. शुरुआती जांच में यह हादसा बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास एक खेत में हुआ बताया गया है.
हादसे से जुड़ी 5 बड़ी बातें
1. अधिकारियों के मुताबिक यह दुर्घटना मिसौरी के बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के नजदीक हुई. विमान एयरपोर्ट के पास स्थित एक खेत में गिरा, जिसके बाद उसमें आग लग गई. बटलर शहर अमेरिका के कैनसस सिटी से लगभग 65 मील दक्षिण में स्थित है. हादसे के बाद आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई.
2. स्थानीय प्रशासन ने पुष्टि की है कि विमान में कुल 12 लोग सवार थे और हादसे में किसी के बचने की संभावना नहीं रही. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. फिलहाल मृतकों की पहचान, उनकी उम्र और वे किस शहर के रहने वाले थे, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
3. मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल के सार्जेंट जस्टिन इविंग के अनुसार विमान यात्रियों को स्काईडाइविंग के लिए ऊंचाई पर ले जा रहा था. उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 11:30 बजे इमरजेंसी सर्विस को सूचना मिली कि एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसमें आग लग गई है.
4. हादसे का शिकार हुआ विमान पैसिफिक एयरोस्पेस 750XL मॉडल का था. यह एक सिंगल-इंजन टर्बोप्रॉप विमान है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से स्काईडाइविंग गतिविधियों में किया जाता है. इसके अलावा यह विमान कार्गो परिवहन, एरियल सर्वे और मेडिकल इवैक्यूएशन जैसी सेवाओं में भी इस्तेमाल होता है.
5. हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) द्वारा की जाएगी. जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से यह दुर्घटना हुई.




