Begin typing your search...

फिर बढ़ेंगी तेल-गैस की कीमतें! US हमले के बाद ईरान ने बंद किया होर्मुज, 5 पॉइंट में जानें क्या-क्या हुआ

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. अमेरिकी सेना द्वारा ईरान के कई ठिकानों पर किए गए नए हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच टकराव और गहरा गया है.

US-Iran Conflict
X

US-Iran Conflict

( Image Source:  X/ @Tehran_lives, @Irantimes02 )

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है. अमेरिकी सेना द्वारा ईरान के कई ठिकानों पर किए गए नए हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच टकराव और गहरा गया है. हालात ऐसे बन गए हैं कि पूरी दुनिया की नजरें अब खाड़ी क्षेत्र पर टिकी हुई हैं. अमेरिकी कार्रवाई, ईरान के जवाबी दावे, होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा और डोनाल्ड ट्रंप के बयानों ने इस संकट को और गंभीर बना दिया है.

वहीं ईरान ने भी अमेरिकी कार्रवाई का जवाब देने का दावा करते हुए क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने और दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा कर दी है. जिसके चलते एकबार फिर से दुनियाभर में तेल-गैस की आपूर्ति पर खतरा मंडराने लगा है.

आइए जानते हैं इस पूरे घटनाक्रम की 5 सबसे बड़ी बातें

1. अमेरिकी सेना ने ईरान के कई महत्वपूर्ण इलाकों को निशाना बनाते हुए ताजा हवाई हमले किए. इसके बाद दक्षिणी ईरान के सिरिक, मिनाब, बंदर अब्बास, केश्म द्वीप और गोरगान में धमाकों की खबरें सामने आईं. इन हमलों को हाल के दिनों की सबसे बड़ी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई माना जा रहा है.

2. हमलों से कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दे दिया था कि अमेरिका दबाव बढ़ाने वाला है. उन्होंने कहा “हमने कल भी हमला किया था और आज भी करेंगे. अगर ईरान हालात नहीं बदलता तो कार्रवाई जारी रहेगी.”

3. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पहले ही बड़े सैन्य अभियान का संकेत दिया था. बाद में अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति के आदेश पर ईरान के कई अतिरिक्त ठिकानों पर हमले किए गए.

4. अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया. ईरानी सेना के मुताबिक, उसने 18 महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इनमें बहरीन का एक एयरबेस और कुवैत के दो एयरबेस भी शामिल बताए गए हैं. इसके अलावा होर्मुज क्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर भी हमले का दावा किया गया.

5. तनाव के बीच ईरान ने दुनिया को चौंकाते हुए होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की घोषणा कर दी. ईरानी संयुक्त सैन्य कमान ने कहा कि अब इस समुद्री मार्ग से कोई भी तेल टैंकर, मालवाहक जहाज या अन्य पोत नहीं गुजर सकेगा. ईरान ने चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन करने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है.

क्या फिर बढ़ेंगे तेल के दाम?

ईरान द्वारा फिर से होर्मुज को बंद करने की घोषणा का असर अब तेल-गैस की कीमतों पर देखने को मिल सकता है. कच्चे तेल की कीमत में फिर से उछाल आ सकता है. भारत में भी इसका असर जल्द ही देखने को मिल सकता है. अभी तक कई बार भारत में तेल और गैस के रेट बढ़ चुके हैं, अगर अब होर्मुज बंद रहता है तो फिर से भारत में महंगाई बढ़ सकती है.

ईरान इजरायल युद्ध
अगला लेख