गर्मी का 'गेम ओवर'! दिल्ली-एनसीआर में बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें आज का मौसम
IMD के मुताबिक, आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बिजली चमकने, तेज आंधी चलने और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
delhi ncr Weather rain Alert
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है. पिछले कई दिनों से चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के बीच तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है. हालांकि अब मौसम करवट लेने वाला है और राजधानी समेत आसपास के इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित पूरे एनसीआर में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी बल्कि लोगों को उमस और लू से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
आज कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक, आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बिजली चमकने, तेज आंधी चलने और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है.
IMD के अनुसार, शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा. हल्की से मध्यम बारिश, बादल और तेज हवाओं का असर जारी रह सकता है. इसी को देखते हुए शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
अगले 3-4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना रह सकता है. इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. इससे लंबे समय से गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
क्यों बदल रहा है मौसम?
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक मध्य पाकिस्तान और उससे सटे क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा "मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण इस क्षेत्र में तेज हवाएं और छिटपुट बारिश हो रही है."




