11 घंटे की बस यात्रा से डरी विदेशी महिला, लेकिन मिला ऐसा VIP ट्रीटमेंट कि भारत की हो गई फैन | Video Viral
भारत में रहने वाली पोलिश महिला डोमिनिका पटलस-कालरा ने 11 घंटे की बस यात्रा का अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया है. लग्जरी सुविधाओं, स्वादिष्ट खाने और समय पर सेवा ने उन्हें भारत का मुरीद बना दिया.
सोशल मीडिया पर अक्सर भारत की यात्रा करने वाले विदेशियों के मिले-जुले अनुभव देखने को मिलते हैं. लेकिन इन दिनों इंटरनेट पर एक पोलिश (Polish) महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने भारतीय पब्लिक ट्रांसपोर्ट और मेहमाननवाजी की एक ऐसी खूबसूरत तस्वीर पेश की है कि लोग उनके मुरीद हो गए हैं. लेकिन जानते हैं कि महिला के साथ इस 11 घंटे के सफर में ऐसा क्या हुआ, जिसने एक विदेशी यात्री के डर को पूरी तरह से तारीफ में बदल दिया.
डर के साथ शुरू हुआ सफर
यह कहानी है डोमिनिका पटलस-कालरा की, जो लंबे समय से भारत में रह रही हैं. हाल ही में उन्होंने दिल्ली तक के लिए 11 घंटे की एक लंबी बस यात्रा का फैसला किया. डोमिनिका ने इंस्टाग्राम पर शेयर की गई अपनी पोस्ट में साफ स्वीकार किया कि सफर शुरू होने से पहले वह काफी डरी हुई थी. उन्हें चिंता थी कि इतनी लंबी दूरी का यह सफर कैसा कटेग. लेकिन जैसे ही वह बस के अंदर पहुंचीं, उनकी सारी चिंताएं हवा हो गईं. बस न सिर्फ बेहद साफ-सुथरी और आलीशान थी, बल्कि काफी खुली-खुली भी थी.
VIP ट्रीटमेंट: स्नैक्स से लेकर 5-कोर्स डिनर तक
डोमिनिका ने अपनी नॉन-स्लीपर सीट पर बैठते ही जो महसूस किया, उसकी उन्होंने उम्मीद भी नहीं की थी. सफर के अपने इस अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'भारत में बस से सफर करने का यह मेरा पहला अनुभव था. मैं सोच रही थी कि 11 घंटे कैसे कटेंगे, लेकिन यह यात्रा इतनी स्मूथ और आरामदायक रही कि मेरा दिल खुश हो गया.' सफर के दौरान उन्हें जो सुविधाएं मिलीं, उन्होंने डोमिनिका को हैरान कर दिया. महिला यात्री को जिसने सबसे ज्यादा खुश किया वो था वेलकम किट बस में चढ़ते ही उन्हें एक गिफ्ट बैग मिला, जिसमें सफर की जरूरत का सारा सामान था- जैसे गीले टिशू, डेंटल किट, स्नैक्स और जूस. ठंड से बचने के लिए उन्हें एक साफ कंबल दिया गया, जिसमें लिपटकर वह चैन की नींद सो सकी.
इसके साथ इस यात्रा में 5 कोर्स मील भी था. शाम के वक्त बस एक बेहतरीन रेस्तरां पर रुकी वहां डोमिनिका और अन्य सह-यात्रियों को 5 अलग-अलग तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाने का मौका मिला, जिसमें मीठे के तौर पर गरमा-गरम गुलाब जामुन भी शामिल था. अभी रात का खाना ठीक से पचा भी नहीं था कि सुबह होते ही उनके हाथ में नाश्ते का एक और बॉक्स थमा दिया गया. डोमिनिका ने हंसते हुए कहा कि इस पूरे सफर में उन्हें एक मिनट के लिए भी भूख का अहसास नहीं हुआ. सबसे बड़ी बात यह रही कि इतनी सुख-सुविधाओं के साथ बस बिल्कुल अपने तय समय पर मंजिल पर पहुंच गई.
सोशल मीडिया पर 'बजट वाले विदेशी' की तारीफ
जैसे ही डोमिनिका का यह वीडियो इंस्टाग्राम पर सामने आया, भारतीय नेटिजन्स ने उन पर प्यार बरसाना शुरू कर दिया. भारत की एक पॉजिटिव और सच्ची तस्वीर दिखाने के लिए लोग कमेंट सेक्शन में उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'आखिरकार, एक ऐसी विदेशी मिली जिसका बजट अच्छा है! आपकी यात्रा मंगलमय हो.' वहीं एक दूसरे यूजर ने देश की तरफ से आभार जताते हुए कहा, 'शानदार भारत के बारे में इतनी पॉजिटिव बातें शेयर करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. आपको यहां बार-बार आना चाहिए.'
इस पोस्ट पर जहां कई लोगों ने भारत के बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर की तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया के ट्रेंड्स पर भी तंज कसा. एक यूजर ने लिखा, 'भारत भले ही हर मामले में परफेक्ट न हो, लेकिन हम हर दिन खुद में सुधार कर रहे हैं. हमारे पास दुनिया को दिखाने के लिए बहुत कुछ अच्छा है.; वहीं एक अन्य शख्स ने आज के डिजिटल दौर की कड़वी सच्चाई बयां करते हुए कमेंट किया, 'ऐसे अच्छे वीडियोज पर आसानी से लोगों का ध्यान नहीं जाता. अगर इस वीडियो का टाइटल 'मैं भारत में अनसेफ हूं' रख दिया जाता, तो भारतीय और चीनी बॉट्स मिलकर इस पर लाखों व्यूज ला देते. पॉसिटिविटी दिखाने के लिए आपका शुक्रिया.'




