Begin typing your search...

हैदराबाद से रामपुर तक, 5 करोड़ का हीरा-सोना, 3 राज्यों की पुलिस और पति-पत्नी-साली, ऐसे हत्थे चढ़े चोर

हैदराबाद के एक कारोबारी के घर में काम करने वाले नेपाली दंपति ने परिवार की गैरमौजूदगी में करीब 5 करोड़ रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में आरोपियों को नेपाल बॉर्डर के पास गिरफ्तार कर पूरा माल बरामद कर लिया गया.

हैदराबाद से रामपुर तक, 5 करोड़ का हीरा-सोना, 3 राज्यों की पुलिस और पति-पत्नी-साली, ऐसे हत्थे चढ़े चोर
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय5 Mins Read

Published on: 11 Jun 2026 12:52 PM

हैदराबाद के एक पॉश इलाके में रहने वाले कारोबारी के घर सब कुछ सामान्य चल रहा था. घर में नए नेपाली नौकर रखे गए थे, जिन पर परिवार को पूरा भरोसा था. लेकिन किसे पता था कि ये भरोसा जल्द ही 5 करोड़ रुपये के झटके में बदलने वाला है. यह कहानी किसी बॉलीवुड थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है, जिसमें चोरी हैदराबाद में होती है, चोर नेपाल भागने की फिराक में रहते हैं, और तीन राज्यों (तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड) की पुलिस मिलकर बॉर्डर पर एक बड़ा जाल बिछाती है. इस हाई-प्रोफाइल चोरी को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया लेकिन पुलिस ने इसे सुलझा लिया.

मामला हैदराबाद के गाचीबोवली इलाके का है, जहां हिल रिज विला में एक बड़े बिजनेसमैन का परिवार रहता है. करीब एक महीना पहले ही उन्होंने एक नेपाली दंपति को घर के कामकाज के लिए काम पर रखा था. 7 जून को बिजनेसमैन अपने परिवार के साथ किसी काम से सिर्फ एक दिन के लिए मुंबई गए थे. घर पूरी तरह से खाली था और नौकरों ने इसी मौके का फायदा उठाया. उन्होंने घर में रखी चाबियों से लॉकर खोला और उसमें मौजूद सोने, हीरे और चांदी के बेशकीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. शातिर चोरों ने बकायदा लॉकर को वापस बंद किया और चाबी भी अपने साथ लेकर फरार हो गए ताकि किसी को तुरंत शक न हो.

छोटी सी चेन से खुला 5 करोड़ का राज

जब 7 जून को परिवार मुंबई से वापस लौटा, तो शुरुआती नजर में सब कुछ सामान्य लगा. लेकिन तभी उनकी नजर घर में मौजूद एक मूर्ति पर पड़ी, जिससे सोने की एक छोटी सी चेन गायब थी. परिवार को कुछ गड़बड़ लगी और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. असली झटका अगले दिन यानी 8 जून को लगा. जब बिजनेसमैन के बेटे ने तिजोरी को खोला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. लॉकर के अंदर रखे करीब 5 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण गायब थे. इसके साथ ही घर से नेपाली नौकर और उसकी पत्नी भी गायब थे. अब पुलिस के सामने साफ था कि ये कोई मामूली चोरी नहीं, बल्कि एक सोची-समझी बड़ी साजिश थी.

एक्शन में पुलिस 3 राज्यों का 'महा-ऑपरेशन'

चोरी की बड़ी रकम को देखते हुए साइबराबाद पुलिस तुरंत एक्टिव मोड में आ गई. साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर डॉ. एम. रमेश ने तुरंत मोर्चा संभाला और चोरों को दबोचने के लिए 6 स्पेशल टीमें बनाईं. इन टीमों को संभावित रास्तों यानी उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के लिए रवाना किया गया. चोरों की लोकेशन लगातार ट्रैक की जा रही थी. पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी उत्तराखंड के रास्ते नेपाल सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे हैं.

आधी रात को बजा फोन और बदला गेम

8 जून की आधी रात के आसपास, साइबराबाद पुलिस कमिश्नर ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को फोन कर संदिग्धों के मूवमेंट की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चोर नेपाल भागने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही एसएसपी गणपति ने बिना वक्त गंवाए अपनी 'विशेष अभियान समूह' (SOG) और जिला पुलिस को अलर्ट कर दिया. चूंकि मामला बॉर्डर का था, इसलिए उत्तर प्रदेश पुलिस को भी इस ऑपरेशन में शामिल किया गया.

बिलासपुर रूट पर रोडवेज बस और 'द एंड'

यूपी और उत्तराखंड पुलिस ने मिलकर रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर के पास एक संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया. पुलिस हर आने-जाने वाली गाड़ी पर पैनी नजर रख रही थी. इसी दौरान बिलासपुर-रामपुर मार्ग पर नारायण अस्पताल के पास दिल्ली से आ रही एक रोडवेज बस को रोका गया. तेलंगाना पुलिस ने पहले ही आरोपियों की तस्वीरें और हुलिया स्थानीय पुलिस के साथ शेयर कर दिया था. बस की तलाशी लेते समय पुलिस की नजर तीन संदिग्धों पर पड़ी. हुलिया मिलते ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल शशि (मुख्य आरोपी नौकर), विमल शाही (कमल की पत्नी), कल्पना (साजिश में शामिल अन्य महिला). पुलिस ने इन तीनों नेपाली नागरिकों के पास से हैदराबाद से चुराए गए सोने, हीरे और चांदी के सारे कीमती आभूषण सुरक्षित बरामद कर लिए हैं.

अगला लेख