Pak-Afghan Conflict: तालिबान ने पाक के फाइटर जेट को मार गिराया, पायलट को पकड़ा जिंदा! ट्रंप ने किसे किया सपोर्ट? Top Updates
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल और कंधार समेत कई ठिकानों पर हवाई हमले किए और दावा किया कि सैकड़ों तालिबानी लड़ाके मारे गए और कई सैन्य ठिकाने नष्ट हुए. अमेरिका ने पाकिस्तान के 'आत्मरक्षा के अधिकार' का समर्थन किया, जबकि यूरोपीय संघ, संयुक्त राष्ट्र और रूस ने तत्काल तनाव कम करने की अपील की.
सीमा झड़प से युद्ध की कगार पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान
Taliban Pakistan war: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. सीमा पर महीनों से चल रही झड़पों के बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई शहरों, काबुल, कंधार और पक्तिया, में हवाई हमले किए, जिसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ 'खुली जंग' जैसे हालात पैदा होने की बात कही है. इस बीच अमेरिका ने पाकिस्तान के 'आत्मरक्षा के अधिकार' (Right to defend itself) का समर्थन किया है.
अमेरिकी विदेश विभाग की वरिष्ठ अधिकारी एलिसन हूकर ने कहा कि वाशिंगटन हालात पर नजर रखे हुए है. उन्होंने हालिया संघर्ष में हुई मौतों पर संवेदना जताई है. वहीं, अमेरिकी दूतावास ने पाकिस्तान में सुरक्षा अलर्ट भी जारी किया है.
पाक-अफगान संघर्ष में अब तक क्या-क्या हुआ? (10 प्वाइंट्स में समझिए)
- पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना ने तोपखाने और वायुसेना की मदद से अफगानिस्तान के अंदर कई सैन्य ठिकानों और कथित आतंकी अड्डों को निशाना बनाया. इस कार्रवाई में अफगान तालिबान और उसके सहयोगी समूहों के लगभग 300 लड़ाके मारे जाने और सैकड़ों के घायल होने का दावा किया गया है.
- सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के मुताबिक 'ऑपरेशन गज़ब- लिल-हक' के तहत 89 चौकियों को नष्ट कर दिया, जबकि 18 पर कब्जा कर लिया. इसके साथ ही करीब 135 टैंक और बख्तरबंद गाड़ियों को नष्ट कर दिया गया.
- पाकिस्तान ने यह भी आरोप लगाया कि तालिबान सरकार सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दे रही है और पाकिस्तानी क्षेत्र में हमलों को समर्थन दे रही है. हालात की गंभीरता को देखते हुए पाक सरकार ने पूरे देश में ड्रोन संचालन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है.
- अफगान पक्ष ने पाकिस्तानी हमलों को 'आक्रामक कार्रवाई' बताते हुए जवाबी हमले किए. तालिबान अधिकारियों ने दावा किया कि जलालाबाद में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया है. उसके पायलट को जिंदा पकड़ा गया है, हालांकि पाकिस्तान ने इसे पूरी तरह झूठा बताया है.
- जलालाबाद में जोरदार धमाकों की भी खबरें आईं, जहां लोगों ने आसमान में लड़ाकू विमान देखने और एयरपोर्ट के पास विस्फोट सुनने की बात कही.
- तेजी से बढ़ते संघर्ष ने दुनिया की बड़ी ताकतों को चिंतित कर दिया है. यूरोपीय संघ ने तुरंत तनाव कम करने और हमले रोकने की अपील की है. रूस ने इसे खतरनाक सैन्य टकराव बताते हुए बातचीत से समाधान निकालने को कहा.
- संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने हिंसा पर गहरी चिंता जताई और तुरंत युद्धविराम की मांग की. ईरान ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की पेशकश की है.
- तनाव के बीच अफगान तालिबान सरकार ने कहा है कि वह विवाद को बातचीत से सुलझाने के लिए तैयार है. तालिबान प्रवक्ता ने दोहराया कि वे शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं, हालांकि जमीनी स्तर पर हमले और जवाबी कार्रवाई जारी है.
- विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जल्द कूटनीतिक समाधान नहीं निकला तो यह संघर्ष पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर सकता है. दोनों देशों के पास बड़ी सैन्य क्षमता है और सीमा पर लगातार हो रहे हमले व्यापक युद्ध का रूप ले सकते हैं.
- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के साथ उनके मज़बूत रिश्ते हैं. उन्होंने अफ़गानिस्तान के साथ बढ़ते झगड़े के बीच पाकिस्तान की तारीफ़ की. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह दखल देंगे, तो ट्रंप ने रिपोर्टर्स से कहा, "मैं (दखल) दूंगा, लेकिन पाकिस्तान के साथ मेरी बहुत अच्छी बनती है. उनके पास एक बहुत अच्छे प्राइम मिनिस्टर और एक बहुत अच्छे जनरल हैं. ये दो ऐसे लोग हैं जिनकी मैं सच में बहुत इज़्ज़त करता हूं. पाकिस्तान बहुत अच्छा कर रहा है."
कुल मिलाकर, पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव अब सिर्फ सीमा विवाद नहीं रह गया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय शक्तियों की नजरों में एक संभावित बड़े क्षेत्रीय संकट के रूप में उभर रहा है.




