किम जोंग बेटी के हाथ में सौंपेंगे सत्ता! भाई को चुनौती देने वाली kim Yo Jong कौन? मंत्रियों के खिलाफ बेबाक बयान से लेकर बैन तक पूरी कुंडली
उत्तर कोरिया की सत्ता के गलियारों में अब किम यो जोंग का नाम तेजी से उभर रहा है. Kim Yo Jong सत्ता पाने के लिए अपने भाई किम जोंग को चुनौती दे रही हैं.
उत्तर कोरिया की राजनीति में हाल ही में हलचल बढ़ गई है, क्योंकि किम जोंग उन अब अपनी बेटी किम जू ए को सत्ता सौंपने की तैयारी में हैं, लेकिन तानाशाह की यह रणनीति उलटी पड़ सकती है, क्योंकि अब इस सत्ता के खेल में किम जोंग की बहन Kim Yo Jong सामने आ चुकी हैं और वह खुलेआम अपने भाई को चुनौती दे रही हैं. किम यो जोंग नॉर्थ कोरिया की राजनीति का दूसरा सबसे ताकतवर नाम है.
राजनीति में किम यो जोंग का सफर विवादों से भरा रहा है. कभी मंत्रियों के खिलाफ बेबाक बयान देने से लेकर अमेरिका से बैन होने तक, चलिए जानते हैं उत्तर कोरिया की पॉलिटिकल खिलाड़ी की पूरी कुंडली.
कौन है किम-यो जोंग?
Kim Yo Jong उत्तर कोरिया की सबसे ताकतवर और प्रभावशाली महिलाओं में गिनी जाती हैं. वह देश के नेता Kim Jong Un की छोटी बहन हैं और सत्ता के बहुत करीब मानी जाती हैं. पिछले कुछ सालों में उनका नाम सिर्फ परिवार की वजह से ही नहीं, बल्कि राजनीति में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण भी चर्चा में रहा है. किम यो जोंग का जन्म प्योंगयांग में हुआ. बचपन में उन्होंने अपने भाइयों के साथ स्विट्जरलैंड के बर्न शहर में एक स्कूल में पढ़ाई की और वहां अलग नाम से दाखिला लिया. बाद में उत्तर कोरिया लौटकर उन्होंने Kim Il Sung University से कंप्यूटर साइंस में डिग्री पूरी की.
कैसा रहा किम यो जोंग का राजनीतिक सफर?
साल 2007 के आसपास किम यो जोंग ने उत्तर कोरिया की सत्ताधारी पार्टी Workers' Party of Korea में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की. शुरू में उनका पद छोटा था, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने अपने पिता और भाई के साथ महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में सक्रिय भाग लेना शुरू कर दिया. यह साफ संकेत था कि वह राजनीति में आगे बढ़ रही हैं. 2014 के बाद उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारियां दी गईं. उन्होंने प्रचार और जनसंपर्क विभाग में काम करते हुए अपने भाई की छवि को मजबूत करने और सार्वजनिक कार्यक्रमों को व्यवस्थित करने में अहम भूमिका निभाईय 2017 में उन्हें पार्टी के शक्तिशाली पॉलिटब्यूरो की वैकल्पिक सदस्य बनाया गया और बाद में वह स्टेट अफेयर्स कमीशन की सदस्य भी बनीं, जो उत्तर कोरिया की शीर्ष नीति-निर्माण संस्था है. इससे यह साफ होता है कि किम यो जोंग देश की राजनीति में अब सिर्फ परिवार की बहन नहीं, बल्कि एक निर्णायक राजनीतिक शक्ति बन चुकी हैं.
क्यों लगा था किम यो जोंग पर बैन?
किम यो जोंग कई बार विवादों में भी रही हैं. 2017 में अमेरिका ने उन पर मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों के कारण बैन लगाया था. इसके अलावा, उन्होंने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के खिलाफ अपने सख्त बयान दिए, जो अंतरराष्ट्रीय मीडिया में काफी सुर्खियां बने. इतना ही नहीं, उन्होंने रक्षा मंत्री को 'घटिया' आदमी तक कहा था.
किम-यो जोंग के परिवार में कौन-कौन?
किम यो जोंग ने साल 2014 में चोए सोंग से शादी रचाई. चोए सोंग सरकारी अधिकारी चोए र्योंग-हे के दूसरे बेटे हैं. माना जाता है कि चोए सोंग भी Kim Il Sung University के छात्र रह चुके हैं और या तो Room 39 of the Workers' Party of Korea में काम करते हैं या किसी सैन्य यूनिट में, जो देश के नेता की सुरक्षा देखती है. 31 दिसंबर 2024 को न्यू ईयर परफॉर्मेंस में उन्हें दो बच्चों (एक लड़का और एक लड़की) के साथ देखा गया, जिन्हें उनके बच्चों के रूप में बताया गया. यह पहली बार था जब राज्य मीडिया में उन्हें बच्चों के साथ दिखाया गया. ये बच्चे फिर 25 अप्रैल 2025 को चोए ह्योन डिस्ट्रॉयर के लॉन्चिंग समारोह में भी नजर आए.





