Begin typing your search...

इंडोनेशनिया में दो ट्रेनों की जोरदार भिड़ंत, 14 की मौत, 84 घायल, मलबे में जिंदगी की जंग जारी, आखिर कैसे हुआ हादसा?

इंडोनेशनिया में जकार्ता के पास बेकासी में दो ट्रेनों की भीषण टक्कर में 14 लोगों की मौत और 84 घायल हो गए. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

इंडोनेशनिया में दो ट्रेनों की जोरदार भिड़ंत, 14 की मौत, 84 घायल, मलबे में जिंदगी की जंग जारी, आखिर कैसे हुआ हादसा?
X
( Image Source:  @MahalaxmiRaman )

इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के पास हुए ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जबकि 84 लोग घायल बताए जा रहे हैं. मंगलवार को ट्रेन ऑपरेटर ने यह जानकारी दी. हादसे के बाद बचाव दल अब भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटा है.

यह टक्कर सोमवार देर रात जकार्ता के बाहर बेकासी इलाके में एक कम्यूटर ट्रेन और एक लंबी दूरी की ट्रेन के बीच हुई. इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद स्याफी ने मंगलवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि क्षतिग्रस्त डिब्बों में फंसे लोगों को निकालना बेहद सावधानी भरा काम है.

क्या ट्रेन के मलबे में फंसे हैं लोग?

उन्होंने कहा कि इस काम के लिए विशेष कौशल वाले कर्मियों की जरूरत पड़ रही है. कुछ लोग अब भी जिंदा हैं, लेकिन ट्रेन के मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश जारी है.

लोगों को निकालने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे?

मौके पर मौजूद टीमों ने दोनों ट्रेनों को अलग कर दिया है. बचावकर्मी ट्रेन के डिब्बों की धातु काटने के लिए मशीनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि अंदर फंसे यात्रियों तक पहुंचा जा सके.

कैसे हुआ हादसा?

जकार्ता पुलिस प्रमुख असेप एदी सुहेरी ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेन कम्यूटर ट्रेन के आखिरी डिब्बे से टकराई, जो केवल महिलाओं के लिए आरक्षित था. हादसे में सभी मृतक और घायल कम्यूटर ट्रेन के यात्री हैं, जबकि दूसरी ट्रेन में सवार करीब 240 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कम्यूटर ट्रेन एक लेवल क्रॉसिंग पर टैक्सी की टक्कर के बाद पटरी पर खड़ी थी, तभी यह हादसा हुआ.

क्या हो रही है हादसे की जांच?

इंडोनेशिया की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी कमेटी ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है. सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार टक्कर की वजह से कई डिब्बों को भारी नुकसान पहुंचा है और कुछ यात्री अंदर फंसे रह गए हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हादसे के बाद का मंजर दिख रहा है, जहां घायल लोग मलबे के पास पड़े नजर आ रहे हैं.

इंडोनेशिया में इससे पहले जनवरी 2024 में वेस्ट जावा प्रांत में बड़ा रेल हादसा हुआ था, जिसमें चार क्रू मेंबर की मौत हुई थी और करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए थे. इससे पहले 2015 में जकार्ता में एक ट्रेन ने लेवल क्रॉसिंग पर मिनीबस को टक्कर मार दी थी, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई थी. इन हादसों के बाद रेलवे सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को लेकर चिंता लगातार उठती रही है.

अगला लेख