Israel Iran War: AI पर बैन, फिर भी युद्ध में इस्तेमाल! ट्रंप vs एंथ्रोपिक ने खोली टेक-वार की सच्चाई
Israel Iran War: ट्रंप प्रशासन के AI बैन के बावजूद ईरान हमले में क्लाउड AI इस्तेमाल की रिपोर्ट ने सनसनी फैला दी है. यह मामला टेक कंपनियों और सरकार के बीच बढ़ती ‘AI पावर वॉर’ की ओर इशारा करता है.
Israel Iran War: अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर सियासत और सुरक्षा के बीच टकराव अब खुलकर सामने आ गया है. एक तरफ डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने AI कंपनी Anthropic के टूल्स पर रोक लगाने का आदेश दिया, वहीं रिपोर्ट्स में दावा है कि उसी दौरान अमेरिकी सेना ने ईरान पर हमले में इसी कंपनी के क्लाउड AI का इस्तेमाल किया. यह मामला सिर्फ टेक्नोलॉजी का नहीं, बल्कि सत्ता, सुरक्षा और नैतिकता के टकराव का बड़ा उदाहरण बन गया है. साथ ही इस पर अब बहस भी शुरू हो गया है. ऐसा पेंटागन ने उस समय किया, जबकि क्लाउड एआई पर ट्रंप बैन लगा चुके हैं.
क्या है पूरा मामला - बैन और इस्तेमाल साथ-साथ कैसे?
एनडीटीवी ने वॉल स्ट्रीट जर्नल के हवाले से बताया है कि ट्रंप प्रशासन ने फेडरल एजेंसियों को एंथ्रोपिक के AI सिस्टम के इस्तेमाल से रोकने का निर्देश दिया था. इसके पीछे वजह कंपनी और पेंटागन के बीच मतभेद बताए जा रहे हैं. लेकिन इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने मिडिल ईस्ट ऑपरेशन में एंथ्रोपिक के क्लाउड AI टूल्स का इस्तेमाल जारी रखा. इससे साफ संकेत मिलता है कि पॉलिसी और ग्राउंड ऑपरेशन के बीच बड़ा गैप मौजूद है.
ईरान हमले में AI की क्या भूमिका रही?
बताया जा रहा है कि ईरान पर हमले के दौरान AI का इस्तेमाल सिर्फ डेटा एनालिसिस तक सीमित नहीं था. इसका इस्तेमाल डाटा इंटेलिजेंस असेसमेंट, टारगेट की पहचान और युद्ध की रणनीति तैयार करने में भी किया गया. इन सभी में AI टूल्स की मदद ली गई. इससे साफ होता है कि आधुनिक युद्ध में AI अब सपोर्ट सिस्टम नहीं, बल्कि कोर स्ट्रैटेजिक टूल बन चुका है.
क्या वेनेज़ुएला ऑपरेशन में भी हुआ AI का इस्तेमाल?
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने वाले ऑपरेशन में भी क्लाउड AI का इस्तेमाल किया गया था. अगर यह सच है, तो यह दिखाता है कि अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन्स में AI की भूमिका पहले से कहीं ज्यादा गहरी हो चुकी है.
ट्रंप ने एंथ्रोपिक पर सख्त रुख क्यों अपनाया?
ट्रंप का गुस्सा तब सामने आया जब एंथ्रोपिक के सीईओ डैरियो अमेदेई ने पेंटागन की उस मांग को ठुकरा दिया, जिसमें AI टेक्नोलॉजी को बिना किसी रोक-टोक के सैन्य इस्तेमाल की अनुमति मांगी गई थी.
इसके बाद ट्रंप ने कंपनी पर “सप्लाई चेन रिस्क” का टैग लगा. ज्यादातर एजेंसियों को AI इस्तेमाल रोकने का आदेश दिया. पेंटागन को 6 महीने में टेक हटाने की छूट दी. ट्रंप ने इसे “नेशनल सिक्योरिटी” का मुद्दा बताते हुए कंपनी पर तीखा हमला भी बोला.
एंथ्रोपिक का पलटवार - कोर्ट जाने की तैयारी क्यों?
एंथ्रोपिक ने सरकार के फैसले को सीधे चुनौती देने का फैसला किया है. कंपनी का कहना है कि “सप्लाई चेन रिस्क” का टैग कानूनी रूप से गलत है. यह कदम टेक कंपनियों के लिए खतरनाक मिसाल बन सकता है. वे बड़े पैमाने पर निगरानी और ऑटोनॉमस हथियारों का समर्थन नहीं करेंगे. कंपनी ने साफ कर दिया है कि वह इस फैसले के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी.
क्या यह AI बनाम सरकार की नई जंग है?
पूरा मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि आने वाले समय में टेक कंपनियां और सरकारें आमने-सामने आ सकती हैं. दरअसल, ट्रंप सरकार क्लाउड एआई पर पूरा कंट्रोल चाहती है. जबकि कंपनियां नैतिक सीमाएं तय करने की पक्षधर हैं. ऐसा इसलिए कि AI अब सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि जियो-पॉलिटिकल पावर का नया हथियार बन चुका है.
फिलहाल, ईरान हमले से जुड़ी यह रिपोर्ट एक बड़े सवाल को जन्म दे दी हैत्र क्या सरकारें AI पर नियंत्रण रख पाएंगी या टेक कंपनियां अपनी शर्तों पर खेल तय करेंगी? ट्रंप और एंथ्रोपिक के बीच टकराव आने वाले समय में AI की दिशा और दुनिया की सुरक्षा रणनीति दोनों तय कर सकता है.




