Begin typing your search...

Iran ने Strait of Hormuz को किया बंद, कहा- यहां से गुजरने वाले जहाज में आग लगा देंगे; अब क्या करेगा US-Israel? टॉप-10 अपडेट्स

मिडिल ईस्ट में ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच तनाव अब खुली जंग का रूप ले चुका है.अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अभी सबसे बड़ा हमला बाकी है. वहीं, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है और कहा है कि इसमें गुजरने वाले किसी भी जहाज में आग लगा देंगे.

Israel Iran US war photo
X

बेरूत से खाड़ी तक हमले, तेल कीमतों में उछाल से दुनिया चिंतित

Iran US Israel Conflict Latest Updates: मिडिल ईस्ट में ईरान, इज़रायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच तनाव अब खुली जंग में बदलता दिख रहा है. हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं और दुनिया की नजरें इस संघर्ष पर टिकी हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अभी सबसे बड़ा हमला बाकी है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ईरान पर लगातार भारी हमले कर रही है और आगे 'बिग वेव' यानी और भी बड़े सैन्य अभियान की तैयारी है. वहीं, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है और कहा है कि इसमें गुजरने वाले किसी भी जहाज में आग लगा देंगे.

ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका का लक्ष्य ईरान की मिसाइल क्षमता, नौसेना और परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना है. उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन 4–5 हफ्ते चल सकता है, लेकिन जरूरत पड़ी तो इससे ज्यादा लंबा भी खिंच सकता है. वहीं, कतर ने सोमवार को ईरान के दो सुखोई Su-24 बमवर्षक विमान को मार गिराया.

Middle East Crisis: अब तक क्या-क्या हुआ?

1- ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अमेरिका को खुली धमकी दी है कि वह अब दुनिया में कहीं भी सुरक्षित नहीं रहेगा. गार्ड्स का दावा है कि वे जवाबी कार्रवाई जारी रखेंगे. इसी बीच ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक अमेरिकी सहयोगी तेल टैंकर पर ड्रोन हमला करने का दावा भी किया है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर खतरा बढ़ गया है.

2- इजरायल ने भी मोर्चा तेज कर दिया है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान का परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम पूरी दुनिया के लिए खतरा है और इस अभियान का मकसद वैश्विक सुरक्षा की रक्षा करना है.

3- इज़राइल ने लेबनान में भी हवाई हमले किए, जहां 52 लोगों की मौत हो गई, जबकि 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं. इन हमलों में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाया गया.

4- इस बीच संघर्ष का असर खाड़ी देशों तक पहुंच गया है. अबू धाबी में ईंधन टर्मिनल पर ड्रोन हमले की खबर आई, हालांकि स्थिति को नियंत्रण में बताया गया है. हवाई यात्रा भी बुरी तरह प्रभावित हुई है और हजारों लोग अलग-अलग देशों में फंस गए हैं.

5- भारत भी इस संकट से प्रभावित है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, मध्य-पूर्व के एयरस्पेस बंद होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है. फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए इंडिगो ने जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानों की योजना बनाई है. एयरलाइंस वैकल्पिक मार्गों से उड़ानें शुरू करने की कोशिश कर रही हैं.

6- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन के किंग से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताई और वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर जोर दिया. पीएम ने बहरीन, सऊदी अरब और यूएई के किंग से भी बातचीत की.

7- अमेरिका ने यह भी संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर जमीनी सेना भेजने से इनकार नहीं किया गया है. हालांकि फिलहाल अभियान हवाई हमलों पर केंद्रित है. अमेरिकी सेना का दावा है कि उसने ईरान के कई सैन्य ठिकानों, जहाजों और एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया है,

8- अबू धाबी से एक फ्लाइट दिल्ली पहुंची हैं. फ्लाइट से उतरने के बाद एक यात्री ने बताया कि लगातार मिसाइलों से हमला किया जा रहा है. हालांकि, अबू धाबी में इसका कोई खास असर दिखाई नहीं दिया.

9- एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि वह मस्कट से तिरुचिरापल्ली के लिए अपनी उड़ान आडज सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी. वहीं, बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए उड़ानें 3 मार्च को भारतीय समयानुसार 23:59 बजे तक निलंबित रहेंगी.

10- ईरान पर हमले के दौरान 19 अमेरिकी सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वहीं, 4 सैनिकों की मौत हो गई है. वहीं, इजरायल-अमेरिकी हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह की भी मौत हो गई है.

कुल मिलकार, ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तीसरे दिन भी जंग जारी रही. इस तेजी से बढ़ते संघर्ष ने पूरे मध्य-पूर्व को अस्थिर कर दिया है. तेल आपूर्ति, वैश्विक व्यापार, हवाई यात्रा और सुरक्षा — हर क्षेत्र पर इसका असर दिखने लगा है. अब दुनिया इस बात को लेकर चिंतित है कि क्या यह युद्ध और बड़ा रूप ले सकता है.

World Newsईरान इजरायल युद्ध
अगला लेख