1969 में शुरू हुआ सफर, अब अमेरिका में 18 अरब डॉलर का प्रोजेक्ट, कौन है Essar Group के मालिक; कितनी है नेटवर्थ?
अमेरिका में भारतीय कारोबारी समूह एस्सार ग्रुप की अमेरिकी इकाई मेसाबी मेटालिक्स आयोवा में एक बड़ा स्टील प्लांट लगाने जा रही है. जिसमें एस्सार ग्रुप 18 अरब डॉलर का निवेश करने वाला है. ट्रंप ने इसे अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बताया है.
Essar US steel plant
भारतीय कारोबारी समूह एस्सार ग्रुप एक बार फिर सुर्खियों में है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 28 सितंबर को व्हाइट हाउस में ऐलान किया कि एस्सार ग्रुप की अमेरिकी इकाई मेसाबी मेटालिक्स आयोवा में एक बड़ा स्टील प्लांट बनाने जा रही है. इस पूरे प्रोजेक्ट में करीब 18 अरब डॉलर का निवेश प्रस्तावित है. इसमें आयोवा के स्टील प्लांट पर करीब 15 अरब डॉलर और मिनेसोटा में लौह अयस्क परियोजना को पूरा करने के लिए करीब 3 अरब डॉलर का निवेश शामिल है.
ट्रंप ने परियोजना को अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा स्टील प्लांट बताया है. प्लांट की क्षमता पूरी तरह विकसित होने के बाद सालाना करीब 10 मिलियन टन स्टील उत्पादन की बताई गई है. इस परियोजना की खास बात यह है कि इसमें मिनेसोटा से मिलने वाले लौह अयस्क को स्टील उत्पादन से जोड़ा जाएगा, यानी खनन से लेकर स्टील निर्माण तक एक सप्लाई चेन तैयार करने की योजना है.
आयोवा में बनने वाले स्टील प्लांट की खासियत क्या?
प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता करीब 10 मिलियन टन स्टील तक बताई गई है. परियोजना पूरी होने के बाद यह अमेरिका के बड़े स्टील प्रोजेक्ट्स में शामिल होगा. इसमें मिनेसोटा से मिलने वाले लौह अयस्क का इस्तेमाल किया जाएगा. इस तरह कंपनी खनन, आयरन पेलेट और स्टील निर्माण को एक ही सप्लाई चेन में जोड़ने की दिशा में काम कर रही है.
कौन है एस्सार ग्रुप का मालिक?
एस्सार ग्रुप का नियंत्रण रुइया परिवार के पास है. समूह की शुरुआत 1969 में शशि रुइया और रवि रुइया ने मिलकर की थी. समय के साथ यह समूह ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, धातु एवं खनन और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में फैल गया. रुइया परिवार की अगली पीढ़ी भी समूह के कारोबार में सक्रिय है. प्रशांत रुइया एस्सार कैपिटल से जुड़े हैं, जबकि रेवंत रुइया समेत परिवार की अगली पीढ़ी समूह की अलग-अलग कारोबारी गतिविधियों में जिम्मेदारियां संभाल रही है.
रुइया परिवार की कितनी है नेटवर्थ?
रुइया परिवार की व्यक्तिगत संयुक्त नेटवर्थ को लेकर अलग-अलग बिजनेस रिपोर्टों में अलग-अलग अनुमान मिलते हैं. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक रुइया परिवार की नेटवर्थ 16000 रुपये करोड़ से लेकर 25000 करोड़ रुपये तक हो सकती है. साल 2021 में फोर्ब्स ने इनकी नेटवर्थ 2.2 अरब डॉलर आंकी थी. पिछले वर्षों में एस्सार ने कई बड़ी संपत्तियां बेचकर कर्ज चुकाया, जिससे उनकी नेटवर्क ऊपर-नीचे हो सकती है.
एस्सार का कौन-कौन सा कारोबार है?
1. ऊर्जा: तेल, ईंधन और ऊर्जा से जुड़े कारोबार.
2. मेटल्स एंड माइनिंग: लौह अयस्क, आयरन पेलेट और स्टील से जुड़े प्रोजेक्ट.
3. इंफ्रास्ट्रक्चर: पोर्ट और टर्मिनल जैसी सुविधाएं.
4. टेक्नोलॉजी: टेक्नोलॉजी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कारोबार.




