Begin typing your search...

Dragon का डिफेंस जाल या धोखा! PAK, वेनेजुएला और Iran तक क्यों फ्लॉप हुए हथियार? China बेनकाब

पाकिस्तान, वेनेज़ुएला और ईरान-तीन अलग-अलग देशों में सामने आई घटनाओं ने चीन के डिफेंस एक्सपोर्ट मॉडल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन मामलों ने यह संकेत दिया है कि समस्या सिर्फ किसी एक हथियार की नहीं, बल्कि चीन के पूरे डिफेंस इकोसिस्टम की हो सकती है.

China defence power exposed
X
( Image Source:  Sora AI )

दुनिया में तेजी से उभरती सैन्य ताकत के रूप में चीन ने अपने हथियारों को “किफायती और प्रभावी” विकल्प के तौर पर लंबे समय से पेश करता आया है. लेकिन हाल के घटनाक्रम (पाकिस्तान, वेनेज़ुएला और ईरान) अलग ही कहानी बयान कर रहे हैं. मिडिल ईस्ट वॉर में चीन की डिफेंस तकनीक और हथियारों पर भरोसा करना ईरान के लिए घातक साबित हुआहै. खास बात यह है कि तीन अलग-अलग क्षेत्रों में, तीन अलग परिस्थितियों में, चीनी एयर व अन्य डिफेंस सिस्टम एक जैसी कमजोरियों के साथ जूझते नजर आए. रडार जाम, सिस्टम फेल और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के सामने बेकाम के साबित हुए हथियार. सवाल अब सिर्फ तकनीक का नहीं, बल्कि भरोसे का है - क्या चीन का डिफेंस मॉडल सच में मजबूत है, या यह सिर्फ एक “लो-कॉस्ट इल्यूजन” है जो असली युद्ध के दबाव में टूटने लगा है?

दरअसल, पाकिस्तान, वेनेज़ुएला और ईरान से जुड़ी घटनाओं ने चीन के रक्षा निर्यात मॉडल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन तीनों केस में एक समान पैटर्न उभरकर सामने आया रडार सिस्टम का जाम होना, एयर डिफेंस का समय पर प्रतिक्रिया न दे पाना और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के सामने सिस्टम का जल्दी निष्क्रिय हो जाना. इससे यह धारणा मजबूत हुई कि चीनी हथियार “कागज पर मजबूत” तो हैं, लेकिन हाई-इंटेंसिटी युद्ध में उनकी क्षमता संदिग्ध है.

घटनाएं अलग-अलग, पर कमजोरी कैसे एक?

पाकिस्तान, वेनेज़ुएला और ईरान - तीनों के अनुभव अलग भूगोल और परिस्थितियों में हुए, लेकिन समस्या लगभग एक जैसी रही. पाकिस्तान के मामले में चीनी HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम भारतीय हमलों को प्रभावी ढंग से रोकने में संघर्ष करता दिखा. ड्रैगन को मिसाइल सिस्टम भी असर नहीं दिखा पाया है. वेनेजुएला में चीनी रडार और डिफेंस सिस्टम या तो काम नहीं कर पाए या रखरखाव की कमी के कारण पहले ही कमजोर हो चुके थे. वहीं ईरान के केस में अमेरिकी-इज़राइली इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के सामने चीनी मूल के सिस्टम जल्दी जाम हो गए. यह पैटर्न दिखाता है कि समस्या केवल एक देश या एक सिस्टम की नहीं, बल्कि व्यापक तकनीकी और एकीकरण स्तर की है.

चीन के रक्षा कारोबार पर कितना होगा पड़ेगा?

अल्पकालिक रूप से देखें तो चीन के हथियारों की मांग पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन खरीदार देशों के बीच संदेह जरूर बढ़ेगा. खासकर मध्य पूर्व और एशिया के बाजारों में, जहां बड़े डिफेंस डील होते हैं, वहां अब “टेस्टिंग और गारंटी” की मांग बढ़ सकती है. मध्यम अवधि में यह असर और स्पष्ट होगा. देश अब सिर्फ सस्ते विकल्प के बजाय विश्वसनीयता पर भी जोर देंगे. दीर्घकाल में चीन का निर्यात जारी रहेगा, क्योंकि उसके हथियार सस्ते हैं और कई प्रतिबंधित देशों के पास विकल्प सीमित हैं. लेकिन “प्रीमियम ट्रस्ट” यानी उच्च गुणवत्ता की छवि को नुकसान जरूर पहुंचेगा.

ईरान का मामला सिर्फ चीनी तकनीक विफलता ?

ईरान के मामले को केवल चीनी हथियारों की नाकामी कहना पूरी तस्वीर नहीं दिखाता. वहां समस्या “इंटीग्रेशन” की भी थी. ईरान ने चीनी, रूसी और घरेलू सिस्टम का मिश्रण बनाया था, लेकिन यह एक मजबूत नेटवर्क में नहीं बदल पाया. जब रडार जाम हुए, तो इंटरसेप्टर मिसाइल समय पर लॉन्च नहीं हो सकीं. ड्रोन और निगरानी सिस्टम भी सीमित प्रभाव ही दिखा पाए. यानी यहां समस्या सिर्फ हार्डवेयर नहीं, बल्कि पूरे डिफेंस इकोसिस्टम की थी. जहां अलग-अलग तकनीकें मिलकर काम नहीं कर पाईं.

क्या चीन की कमजोरी ‘रियल वॉर टेस्टिंग’ है?

अमेरिकी और पश्चिमी हथियार दशकों से वास्तविक युद्धों(इराक, अफगानिस्तान और खाड़ी युद्ध) में परखे गए हैं. इसके विपरीत, चीनी हथियारों का अधिकतर परीक्षण निर्यात या सीमित परिस्थितियों में हुआ है. यही वजह है कि जब ये सिस्टम आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और मिसाइल हमलों के सामने आते हैं, तो उनकी वास्तविक क्षमता उजागर हो जाती है. रडार का जल्दी जाम होना और एंटी-रेडिएशन मिसाइलों से नष्ट हो जाना आधुनिक युद्ध में बड़ी कमजोरी मानी जाती है.

भारत बनाम चीन पर बहस क्यों?

भारत और चीन के रक्षा सिस्टम की तुलना इस मुद्दे को और स्पष्ट करती है. भारत ने रूसी, पश्चिमी और स्वदेशी तकनीक का मिश्रण तैयार किया है, जिसमें बेहतर एकीकरण और युद्ध अनुभव शामिल है. S-400 जैसे उन्नत सिस्टम और ब्रह्मोस जैसी आक्रामक क्षमता भारत को बढ़त देती है. वहीं चीन के निर्यात वर्जन अक्सर डाउनग्रेड होते हैं, जिससे उनकी क्षमता सीमित हो सकती है. “ऑपरेशन सिन्दूर” जैसे उदाहरणों से यह धारणा बनी है कि भारत की रणनीति, सिस्टम इंटीग्रेशन और ऑपरेशन क्षमता ज्यादा प्रभावी है.

क्या चीन का रक्षा निर्यात मॉडल अब खतरे में है?

चीन का रक्षा निर्यात पूरी तरह खत्म नहीं होगा, क्योंकि वह सस्ता और राजनीतिक शर्तों से मुक्त विकल्प प्रदान करता है. लेकिन इन घटनाओं ने एक बड़ा संदेश जरूर दिया है. सिर्फ कम कीमत अब पर्याप्त नहीं है. अगर चीन अपनी तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमता और सिस्टम इंटीग्रेशन में सुधार नहीं करता, तो वह प्रीमियम बाजार खो सकता है और केवल “लो-कॉस्ट सप्लायर” बनकर रह जाएगा.

क्या असली चोट तकनीक पर नहीं, भरोसे पर लगी है?

पाकिस्तान, वेनेज़ुएला और ईरान के अनुभव यह दिखाते हैं कि समस्या केवल हथियारों की नहीं, बल्कि भरोसे की है. आधुनिक युद्ध में केवल ताकत नहीं, बल्कि विश्वसनीयता सबसे बड़ा फैक्टर बन चुकी है. चीन के लिए चुनौती यही है कि वह इस “ट्रस्ट डेफिसिट” को कैसे दूर करता है. क्योंकि अंततः युद्ध केवल तकनीक को नहीं, बल्कि उस तकनीक पर विश्वास को भी परखता है और फिलहाल, सबसे ज्यादा चोट उसी पर लगी है.

चीन किन-किन हथियार और डिफेंस तकनीक का करता है निर्यात?

चीन, पूरी दुनिया में कई तरह के डिफेंस सिस्टम और हथियारों का निर्यात करता है, जिनमें खास तौर पर एयर डिफेंस, मिसाइल सिस्टम, ड्रोन और नौसैनिक उपकरण शामिल हैं. एयर डिफेंस में HQ-9 (लॉन्ग रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल) और विभिन्न रडार सिस्टम प्रमुख हैं. मिसाइल श्रेणी में चीन बैलिस्टिक और एंटी-शिप मिसाइल टेक्नोलॉजी से जुड़े सिस्टम भी उपलब्ध कराता है.

ड्रोन सेक्टर में चीन का दबदबा काफी मजबूत है, जहां Wing Loong और CH (Caihong) सीरीज के यूएवी कई देशों को निर्यात किए जाते हैं. इसके अलावा चीन लड़ाकू विमान (जैसे JF-17, जो पाकिस्तान के साथ मिलकर विकसित किया गया), टैंक, आर्मर्ड व्हीकल और फ्रिगेट जैसे नौसैनिक प्लेटफॉर्म भी बेचता है. चीन के हथियारों की सबसे बड़ी खासियत उनकी अपेक्षाकृत कम कीमत और आसान उपलब्धता है, जिसके कारण एशिया, अफ्रीका और मध्य-पूर्व के कई देश इन्हें खरीदते हैं, खासकर वे देश जिन्हें पश्चिमी देशों से हथियार मिलना मुश्किल होता है.

ईरान इजरायल युद्ध
अगला लेख