Begin typing your search...

Most Wanted से कितना अलग Most Wanted Fugitives, FBI की टॉप-10 लिस्ट में Goldy Brar का नाम, इसका क्या मतलब, क्या बदेलगा- Explainer

FBI की टॉप-10 Most Wanted Fugitives सूची में Goldy Brar का नाम शामिल हुआ है. जानें Most Wanted से इसका फर्क, 10 लाख डॉलर इनाम और गिरफ्तारी की तलाश पर असर.

FBI Ten Most Wanted Fugitives Goldy Brar
X

FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) की टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में नाम आना किसी भी व्यक्ति के लिए बेहद गंभीर और ग्लोबल क्राइम रिकॉर्ड का सबूत है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि वह व्यक्ति अदालत से दोषी साबित हो चुका है या उसके खिलाफ अपने आप कोई इंटरनेशनल अरेस्टिंग वारंट जारी हो गया है. FBI ने जो Goldy Brar को Most Wanted Fugitives में शामिल करने की घोषणा की है, वो उसकी एक स्पेशल पब्लिक इनवेस्टिगेटिव प्रोग्राम है, जिसके जरिए गंभीर मामलों में फरार लोगों की पहचान और उसकी तस्वीर पब्लिक कर गिरफ्तारी में आम लोगों की मदद ली जाती है. 28 सितंबर 2026 को सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को इस सूची में शामिल किए जाने के बाद से लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर FBI इस सूची में किसी को कैसे चुनती है और इसका दायरा कितना बड़ा है.

FBI क्या है?

FBI यानी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन अमेरिका की प्रमुख संघीय कानून प्रवर्तन और जांच एजेंसी है. इसकी शुरुआत 26 जुलाई 1908 को अमेरिकी न्याय विभाग के तहत विशेष एजेंटों की एक छोटी टीम से हुई थी. मार्च 1909 में इसे ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन नाम दिया गया और 1935 में इसका नाम फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन यानी FBI हुआ. समय के साथ इसकी जिम्मेदारियां संघीय अपराधों से आगे बढ़कर आतंकवाद, जासूसी, साइबर अपराध, संगठित अपराध, भ्रष्टाचार और हिंसक अपराधों तक फैल गईं. वर्तमान में इसकी दुनियाभर में शाखाएं फैली हुई हैं.

टॉप-10 कब शुरू हुई?

FBI ने 14 मार्च 1950 को Ten Most Wanted Fugitives कार्यक्रम शुरू किया था. इसका उद्देश्य ऐसे खतरनाक और फरार अपराधियों की जानकारी बड़े पैमाने पर दुनिया भर के लिए जारी करना था, जिनकी गिरफ्तारी में जनता की मदद मिल सकती थी. शुरुआती दौर में समाचार पत्र और पत्रिकाएं इसका बड़ा माध्यम थीं, लेकिन अब FBI वेबसाइट, डिजिटल माध्यम और दूसरे सार्वजनिक मंचों का इस्तेमाल करती है. यानी यह सूची केवल अपराधियों के नामों का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि कानून प्रवर्तन और जनता के बीच सूचना साझा करने का एक माध्यम है.

नाम कैसे चुना जाता?

  • FBI के अनुसार किसी व्यक्ति को इस सूची में रखने के दो प्रमुख आधार हैं.
  • पहला, वह अपने पिछले अपराधों या मौजूदा आरोपों के कारण विशेष रूप से खतरनाक माना जाए.
  • दूसरा, FBI को यह विश्वास हो कि उस व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से सामने लाने से उसकी गिरफ्तारी में मदद मिल सकती है.
  • इसलिए यह सूची केवल अपराध की गंभीरता पर आधारित नहीं होती, बल्कि पब्लिक कैंपेन से गिरफ्तारी में संभावित मदद भी महत्वपूर्ण कसौटी है.
  • टॉप-10 में शामिल लोगों की आपस में रैंकिंग नहीं होती. यानी सूची में पहले नंबर पर नाम होने का मतलब यह नहीं कि वह दसवें नंबर वाले व्यक्ति से ज्यादा खतरनाक है.

नाम आने का मतलब?

किसी व्यक्ति का नाम टॉप-10 सूची में आने का सीधा अर्थ है कि FBI उसकी तलाश को खुले तौर पर पहली प्राथमिकता दे रही है और उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाकर सूचना हासिल करना चाहती है. इसके साथ तस्वीर, पहचान, आरोप और संपर्क की जानकारी सार्वजनिक की जाती है. मार्च 2026 से FBI ने इस सूची में शामिल भगोड़ों के लिए इनाम की मानक अधिकतम राशि 10 लाख डॉलर यानी 9.6 करोड़ रुपये तक कर दी है.

लेकिन यहां पर Most Wanted से कितना अलग है Most Wanted Fugitives के बीच कानूनी अंतर समझना जरूरी है. FBI की सूची में नाम होना दोषसिद्धि नहीं है. संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में साबित होना बाकी हो सकते हैं. इसी तरह टॉप-10 सूची में शामिल होना अपने आप किसी व्यक्ति के खिलाफ दुनिया भर में लागू होने वाले गिरफ्तारी वारंट के बराबर नहीं है.

क्या विदेशी भी शामिल?

टॉप-10 सूची केवल अमेरिकी नागरिकों तक सीमित नहीं है. FBI के इतिहास में ऐसे लोग भी शामिल रहे हैं जो अमेरिका के बाहर पाए गए या जिन्हें विदेशों से वापस लाया गया. FBI के अपने रिकॉर्ड के मुताबिक 75वीं वर्षगांठ तक सूची में शामिल 488 भगोड़ों को पकड़ने में कामयाब रहा है. इनमें54 अमेरिका के बाहर गिरफ्तार किए गए थे.

इसका मतलब यह नहीं कि FBI किसी भी दूसरे देश में जाकर अपनी मर्जी से गिरफ्तारी कर सकती है. विदेश में कार्रवाई संबंधित देश के कानून और वहां की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से होती है. जरूरत पड़ने पर प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है. यानी FBI अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश और जांच में सहयोग कर सकती है, लेकिन दूसरे देश की संप्रभुता और कानूनों के भीतर रहकर.

FBI कैसे तलाशती है?

FBI की रणनीति केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं होती. जांच से जुटाई गई जानकारी, सार्वजनिक रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य, सहयोगी एजेंसियों की सूचना और लोगों से मिलने वाले सुरागों का इस्तेमाल किया जाता है. टॉप-10 कार्यक्रम में सार्वजनिक प्रचार खुद जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है. FBI भगोड़े की तस्वीर और पहचान को बड़े पैमाने पर प्रसारित करती है, ताकि कोई व्यक्ति उसे पहचानकर सूचना दे सके.

इतिहास में कई भगोड़ों को जनता से मिली सूचना के बाद पकड़ा गया है. विदेशों में छिपे लोगों के मामलों में FBI संबंधित देश की पुलिस और दूसरी एजेंसियों के साथ काम करती है. जरूरत पड़ने पर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा सकती है.

‘Most Wanted’ से फर्क?

यहां सबसे बड़ा भ्रम दूर करना जरूरी है. FBI की Ten Most Wanted Fugitives सूची एक विशेष 10 प्वाइंट प्रोग्राम है. इसके लिए खतरनाक होने और सार्वजनिक प्रचार से गिरफ्तारी में मदद मिलने जैसे अलग मानदंड हैं.

इसके मुकाबले FBI की सामान्य Most Wanted श्रेणी कहीं व्यापक है. FBI की Violent Crime and Major Thefts Most Wanted सूची में बड़ी संख्या में अलग-अलग भगोड़ों के प्रोफाइल होते हैं. इसलिए हर Most Wanted व्यक्ति Ten Most Wanted सूची में नहीं होता.

दोनों सूचियों को एक ही श्रेणी मानना सही नहीं होगा. Ten Most Wanted एक सपेशल प्रोग्राम है, जबकि Most Wanted एक श्रेणी है, जिसमें अलग-अलग अपराधों और मामलों से जुड़े भगोड़ों को शामिल किया जाता है.

कितने पकड़े गए?

Ten Most Wanted कार्यक्रम के 75 साल पूरे होने पर FBI ने बताया था कि 1950 से तब तक 543 भगोड़ों को सूची में शामिल किया जा चुका था और उनमें से 488 पकड़े या ढूंढे जा चुके थे. इनमें 54 को अमेरिका के बाहर गिरफ्तार किया गया था. 162 मामलों में नागरिकों की सीधी मदद से भगोड़ों का पता लगाने में सफलता मिली थी.

इसके बाद भी सूची में नए नाम जुड़ते रहे हैं. 28 सितंबर 2026 को गोल्डी बराड़ का नाम इस कार्यक्रम में 543वें जुड़ाव के रूप में दर्ज हुआ. इसलिए 488 का आंकड़ा कार्यक्रम के 75वें वर्ष तक का है, इसे सितंबर 2026 में बचे हुए या फरार लोगों की मौजूदा संख्या नहीं माना जाना चाहिए.

गोल्डी बराड़ क्यों चर्चा?

28 सितंबर 2026 को FBI ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को Ten Most Wanted Fugitives सूची में शामिल किया. FBI के अनुसार वह लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से कथित रूप से जुड़ा है और उत्तरी अमेरिका में इस समूह का कथित नेता है. अमेरिकी एजेंसी ने उस पर RICO साजिश, जबरन वसूली के जरिए व्यापार में दखल की साजिश और प्रतिबंधित पदार्थों के वितरण से जुड़ी साजिश जैसे संघीय आरोप लगाए हैं. उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 10 लाख डॉलर तक के इनाम की घोषणा की गई है.

गोल्डी का नाम ऑपरेशन हार्डबॉल (Operation Hardball) से जुड़ी कार्रवाई के बाद और महत्वपूर्ण हुआ. FBI के अनुसार 7 जुलाई 2026 को अमेरिकी अधिकारियों ने तीन भारत-आधारित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक समूहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ तीन अभियोग सार्वजनिक किए. इनमें से एक अभियोग बिश्नोई समूह पर केंद्रित था, जिसमें गोल्डी को कथित नेताओं में शामिल बताया गया.

FBI के अनुसार उस समय 24 आरोपी गिरफ्तार या हिरासत में थे, चार अन्य भगोड़े पकड़े जा चुके थे, एक की मौत हो चुकी थी और गोल्डी समेत पांच की तलाश जारी थी.

FBI ने गोल्डी पर लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट और मादक पदार्थों तथा हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप भी बताए हैं. इन दावों को फिलहाल FBI और अभियोग में लगाए गए आरोपों के रूप में समझना चाहिए, अंतिम दोषसिद्धि के रूप में नहीं.

यही कारण है कि गोल्डी बराड़ का नाम टॉप-10 सूची में आना केवल एक नई सूची में नाम जुड़ने की घटना नहीं है. यह दिखाता है कि FBI किसी अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े ऐसे भगोड़े के मामले में सार्वजनिक सूचना, इनाम और दूसरे देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग को एक साथ इस्तेमाल कर रही है. FBI के इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य गंभीर मामलों में वांछित भगोड़ों की पहचान को अधिकतम सार्वजनिक करना और उनकी गिरफ्तारी तक तलाश जारी रखना है.

कौन है गोल्डी बरार?

सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ भारत से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर के रूप में जाना जाता है. अमेरिकी FBI के अनुसार वह लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से कथित तौर पर जुड़ा है और उत्तरी अमेरिका में इस नेटवर्क के कथित नेताओं में शामिल है. FBI ने उस पर लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं. 28 सितंबर 2026 को FBI ने उसे अपनी Ten Most Wanted Fugitives सूची में शामिल किया और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 10 लाख डॉलर तक के इनाम की घोषणा की.

एक्सप्लेनर
अगला लेख