उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है और इसी बीच एक ऐसे IAS अधिकारी की यूपी से विदाई चर्चा में है, जिसका नाम कभी रामपुर की सियासत में बेहद चर्चित रहा था. बात हो रही है IAS अंजनेय कुमार सिंह की, जो रामपुर के डीएम रहते हुए सपा के कद्दावर नेता आजम खान के खिलाफ हुई प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाइयों को लेकर सुर्खियों में आए थे. 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान रामपुर में तैनाती के बाद अंजनेय कुमार सिंह और आजम खान के बीच टकराव की चर्चा तेज हुई. आजम खान के खिलाफ जमीन कब्जे, शत्रु संपत्ति समेत कई मामलों में कार्रवाई हुई और बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज किए गए. करीब 5 साल 5 महीने तक मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर रहे अंजनेय कुमार सिंह अब यूपी से विदा होकर अपने मूल सिक्किम कैडर लौट रहे हैं.