Begin typing your search...

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, नोएडा में मक्खी-मच्छर मिलने पर 100 किलो रसगुल्ले कराए नष्ट; 7 सैंपल जांच को भेजे

रक्षाबंधन से पहले गौतमबुद्धनगर में मिलावटी और दूषित मिठाइयों के खिलाफ खाद्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग ने सेक्टर-72 के सरफाबाद स्थित एक रसगुल्ला निर्माणशाला में करीब 100 किलो रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट करा दिए. इन रसगुल्लों पर मक्खी-मच्छर पड़े हुए थे.

Raksha Bandhan 2026: 100 Kg Contaminated Rasgullas Destroyed in Gautam Buddh Nagar, 7 Samples Sent for Testing
X
मोहम्मद रज़ा
मोहम्मद रज़ा3 Mins Read

Updated on: 24 Aug 2026 9:54 PM IST

आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है. विभाग की टीमों ने जेवर टोल प्लाजा समेत विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पनीर, घेवर, खोया और रसगुल्ले के कुल सात नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं.

वहीं, सरफाबाद सेक्टर-72 स्थित एक रसगुल्ला निर्माणशाला में करीब 100 किलो रसगुल्ले दूषित अवस्था में मिलने और उन पर मक्खी-मच्छर पड़े होने के कारण नष्ट करा दिए गए.

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने क्या-क्या बताया?

  • सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 23 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ओपी सिंह और रविन्द्र नाथ वर्मा की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच की.
  • टीम ने अलीगढ़ के पिसावा जलालपुर स्थित चौधरी डेयरी से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया. इसी तरह मथुरा के बाजना स्थित भीमसेन डेयरी से दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर के दो नमूने लिए गए.
  • विभाग के अनुसार, 24 अगस्त को अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-134 स्थित बीएस बीकानेर स्वीट्स से घेवर का एक नमूना लिया.
  • खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक-2 के प्लॉट नंबर-66 स्थित शगुन स्वीट्स की निर्माणशाला से खोया और घेवर का एक-एक नमूना लिया.
  • वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने सेक्टर-72 के सरफाबाद स्थित प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला में जांच की. यहां रसगुल्ले का एक नमूना लिया गया.
  • जांच के दौरान करीब 100 किलोग्राम रसगुल्ले प्रदूषित अवस्था में मिले और उन पर मक्खी-मच्छर पड़े हुए थे, जिसे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया.

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि सभी सात नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आगे भी इसी तरह जांच अभियान जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी, ताकि लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें.

अगला लेख