Begin typing your search...

76 साल की दादी निकली ज्वेलरी चोर गैंग की मास्टरमाइंड, ऐसे फंसाती थी अपने जाल में; पुलिस ने किया ऐसे पर्दाफाश

देहरादून पुलिस ने एक ऐसे शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है जिसकी सरगना 76 साल की बुजुर्ग महिला थी. गैंग ने डोईवाला की ज्वेलरी शॉप से 7 लाख रुपये की 6 सोने की चेन चोरी की थी.

76 साल की दादी निकली ज्वेलरी चोर गैंग की मास्टरमाइंड, ऐसे फंसाती थी अपने जाल में; पुलिस ने किया ऐसे पर्दाफाश
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय3 Mins Read

Published on: 15 May 2026 9:39 AM

देहरादून पुलिस ने एक अनोखे और चालाक गैंग को पकड़ लिया है. इस गैंग की कमान संभाल रही थीं 76 साल की एक बुजुर्ग महिला, जिन्हें सब 'दादी' कहकर पुकारते थे. फिल्मों की तरह नकाब या बंदूक का इस्तेमाल नहीं, बल्कि इस गैंग ने अपनी चालाकी और एक बुजुर्ग महिला के सहारे ज्वेलरी शॉपों को निशाना बनाया. 8 मई को डोईवाला नगर चौक स्थित सुरेंद्र कुमार कक्कड़ की ज्वेलरी दुकान पर यह गैंग पहुंचा. दुकानदार ने कुछ समझ पाते, उससे पहले गैंग ने छह सोने की चेनें चुरा ली. इन चेनों की कुल कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है. चोरी का पता तब चला जब दुकान बंद करने के समय सामान गिना गया. पुलिस ने तुरंत इस मामले की जांच शुरू की और गैंग की तलाश में जुट गई। काफी मेहनत के बाद पुलिस को कामयाबी मिली.

गैंग का तरीका था बिल्कुल अलग

यह गैंग महाराष्ट्र से आया था, इसमें मुख्य भूमिका निभा रही थी 76 वर्षीय विमला, जो पांडुरंग रायगढ़ की निवासी हैं. उनके साथ वासुदेव नामदेव शिंदे भी शामिल थे. विमला पूरी शान-शौकत के साथ दुकान में घुसतीं, जैसे कोई अमीर और सम्मानित परिवार की बुजुर्ग सदस्य हों. वे दुकानदारों से सोने के गहनों की कीमत लेकर मोलभाव करती. अगर जरूरत पड़ती तो दुकानदार को डांट भी देतीं. उम्र का लिहाज करते हुए ज्वेलर्स भी उनसे नाराज नहीं होते थे. इसी बीच गैंग के बाकी सदस्य दुकान के कर्मचारियों को अलग-अलग डिजाइन दिखाने और कीमत पूछने के बहाने उलझाए रखते. सबका ध्यान भटकाने के बाद वे चुपके से महंगे गहनों पर हाथ साफ कर लेते.

कई दुकानों पर नजर थी, लेकिन...

पुलिस के मुताबिक इस गैंग ने देहरादून के कई ज्वेलरी शॉप्स की रेकी की थी. उन्होंने कई बार चोरी करने की कोशिश भी की, लेकिन वहां के ज्वेलर्स सतर्क थे. इसलिए वहां उनकी चाल नहीं चली. लेकिन डोईवाला के सुरेंद्र कुमार कक्कड़ बुजुर्ग होने के कारण थोड़े कम सतर्क रहे और गैंग इस बार सफल हो गया.

पुलिस ने कैसे पकड़ा?

चोरी के बाद पूरा गैंग महाराष्ट्र भागने की तैयारी में था. गुरुवार को जब वे हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी डोईवाला पुलिस की टीम ने उन्हें घेर लिया. पुलिस ने पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से चोरी की गई सभी छह सोने की चेनें बरामद कर ली. कोर्ट में पेशी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. हालांकि सुरेंद्र कुमार कक्कड़ अब राहत महसूस कर रहे है. चोरी की घटना का खुलासा होने और माल वापस मिलने पर उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई है.

अगला लेख