'बेटियां बर्बाद हो गईं, कहां थे आप...', विधानसभा में CM Yogi से तीखा सवाल करने वाली SP MLA रागिनी सोनकर कौन?
समाजवादी पार्टी की विधायक रागिनी सोनकर ने महिला सुरक्षा को लेकर राज्य की यूपी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे सवाल किए.
Ragini Sonkar
उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में महिला सशक्तिकरण को लेकर चर्चा के दौरान गुरुवार को राजनीतिक माहौल काफी गरम हो गया. समाजवादी पार्टी की विधायक रागिनी सोनकर ने महिला सुरक्षा को लेकर राज्य की यूपी भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे सवाल किए.
यह विशेष सत्र संविधान के 131वें संशोधन विधेयक की हार पर विपक्ष की आलोचना के लिए बुलाया गया था, लेकिन चर्चा के दौरान विपक्ष ने इसे महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने का मंच बना दिया.
रागिनी सोनकर ने क्या-क्या दागे सवाल?
चर्चा में हिस्सा लेते हुए रागिनी सोनकर ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का मुद्दा उठाया. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सवाल दागते हुए कहा कि जब राज्य के विभिन्न जिलों में बेटियों के साथ गंभीर घटनाएं हुईं, तब सरकार की प्रतिक्रिया कहां थी. उन्होंने सीएम से सवाल करते हुए कहा “कहाँ वे आप जब घाटना हुई हैं हाथरस में, मथुरा में, मेरठ में, सुल्तानपुर में, कासगंज में, कौशांबी में, बनारस में, लखीमपुर खीरी में, उन्नाव में, और फ़तेहपुर में जब बेटियां बर्बर हो गईं. कहां थे आप?”
आगे क्या बोली रागिनी?
रागिनी सोनकर ने अपने भाषण में भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा "मैं उत्तर प्रदेश की नारी हूं. हर रोज जलती रहती हूं. आज बीजेपी की सरकार अपनी नकारात्मक सोच से महिलाओं को कहीं न कहीं जिंदा जला रही है."
क्यों किया बहराइच घटना का जिक्र?
अपने संबोधन में उन्होंने हाल ही में बहराइच में हुई घटना का भी उल्लेख किया, जहां भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल प्रदर्शन के दौरान झुलस गई थीं. उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सबसे पहले उनसे मिलने पहुंचे थे, जबकि बाद में दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने मुलाकात की. रागिनी सोनकर ने कहा “जो असली महिला सम्मान जानते हैं, वो सबसे पहले उनसे मिलने गए.”
कौन हैं रागिनी सोनकर?
रागिनी सोनकर समाजवादी पार्टी की युवा विधायक हैं, जो उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की मछलीशहर सीट से विधायक हैं. उन्होंने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है और इसके बाद दिल्ली स्थित एम्स से नेत्र रोग (आई डिजीज) में विशेषज्ञता हासिल की. उनका राजनीतिक जुड़ाव पारिवारिक भी है, क्योंकि उनके पिता कैलाश नाथ सोनकर लंबे समय तक विधायक रह चुके हैं. निजी जीवन में उन्होंने साल 2020 में डॉक्टर संबित मलिक से शादी की थी.




