Abhijeet Bhattacharya का दावा, फराह खान के पति शिरिश कुंदर ने मारा था शाहरुख खान को थप्पड़
अभिजीत भट्टाचार्य ने हालिया इंटरव्यू में शाहरुख खान के साथ अपने बिगड़े रिश्तों की असली वजह बताई. उन्होंने एरोगेंस, आत्मसम्मान और माफी न मिलने को इस दरार की जड़ बताया.
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य (Abhijeet Bhattacharya) ने एक बार फिर से शाहरुख खान के साथ अपने खराब रिश्ते के बारे में खुलकर बात की है. हाल ही में उन्होंने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में अपने दिल की सारी बातें शेयर की. अभिजीत भट्टाचार्य की आवाज़ ने शाहरुख खान की कई यादगार फिल्मों के गानों को खास पहचान दी थी. लेकिन अब उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि दोनों के बीच जो दरार पैदा हो गई है, उसके लिए शाहरुख खान का ईगो जिम्मेदार है.
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, 'अभिजीत ने कहा, 'शाहरुख खान का एरोगेंस और मेरा आत्मसम्मान यही दोनों चीजें हमारे रिश्ते में दरार का असली कारण हैं. शाहरुख मुझसे उम्र में छोटे हैं. फिर भी जब फराह खान के पति शिरिश कुंदर ने उन्हें बहुत बुरा-भला कहा और यहां तक कि थप्पड़ भी मार दिया, तब भी शाहरुख ने उन्हें गले लगा लिया और रिश्ता सुधारने की कोशिश की. इसी तरह, आमिर खान ने तो शाहरुख के नाम पर अपना कुत्ता भी रख दिया था, और उसके बावजूद दोनों अच्छे दोस्त बने रहे. लेकिन मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ. मुझे सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि शाहरुख ने कभी एक बार भी माफी नहीं मांगी. वे इतने बड़े स्टार हैं, फिर भी माफी मांगने की छोटी सी बात नहीं कर सके.'
फैंस के आरोप का जवाब
कई लोग अभिजीत पर आरोप लगा रहे थे कि वे नाम कमाने और पब्लिसिटी के लिए शाहरुख खान का नाम इस्तेमाल कर रहे हैं. इस पर अभिजीत ने साफ़ जवाब दिया कि उनके पास ऐसा करने का कोई कारण नहीं है. उन्होंने कहा कि वे बिना किसी स्वार्थ के सिर्फ अपनी बात रख रहे हैं.
पहले क्या हुआ था?
इससे पहले भी एक इंटरव्यू में अभिजीत भट्टाचार्य ने बताया था कि उन्होंने शाहरुख खान के लिए गाना क्यों छोड़ दिया. उन्होंने एएनआई को बताया था, 'जब किसी का सेल्फ-रिस्पेक्ट को बार-बार ठेस पहुंचता है, तो मन करता है कि बस बहुत हो गया. मैं शाहरुख के लिए नहीं, बल्कि अपने काम के लिए गा रहा था. लेकिन जब मैंने देखा कि शाहरुख सेट पर चाय बेचने वाले को भी नाम लेकर पुकारते हैं और पहचानते हैं, लेकिन जिस सिंगर ने उनकी फिल्मों को अपनी आवाज़ दी, उसे नहीं पहचानते, तो मुझे बहुत बुरा लगा. मैंने सोचा आखिर मैं उनकी आवाज़ क्यों बनूं? जब मेरे काम की कोई कद्र ही नहीं है, तो फिर क्यों?.'
अभिजीत की आवाज़ ने दिए ये गाने
जिन लोगों को अभी तक ये विवाद की पूरा बैकग्राउंड नहीं पता, उनके लिए बता दें कि अभिजीत भट्टाचार्य की मधुर आवाज़ ने शाहरुख खान की कई सुपरहिट फिल्मों के गानों को यादगार बना दिया था. इनमें शामिल हैं, 'फिल्म बादशाह का गाना 'वो लड़की जो सबसे अलग है', फिल्म मैं हूं ना का गाना 'तुम्हें जो मैंने देखा', फिल्म चलते चलते का टाइटल ट्रैक और कई अन्य मशहूर गानें गाए. अभिजीत ने इस पॉडकास्ट में अपनी बात रखते हुए कहा कि वे जल्द ही शाहरुख खान के साथ सुलह की उम्मीद भी रखते हैं.




