PM Kisan Yojana 22वीं किस्त: लिस्ट में आपका नाम है या नहीं? घर बैठे ऐसे करें चेक
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त आने वाली है. ऐसे में किसानों के लिए जरूरी है कि वे समय रहते लाभार्थी सूची में अपना नाम चेक कर लें.
देश का अन्नदाता इन दिनों एक बार फिर अपने हक की किस्त का इंतजार कर रहा है. खेतों में मेहनत, मौसम की मार और बढ़ती लागत के बीच किसानों के लिए सरकार की पीएम किसान योजना आर्थिक सहारे की तरह है. यही वजह है कि हर साल मिलने वाली 6000 रुपये की सहायता राशि कई छोटे किसानों के लिए बीज, खाद और घरेलू जरूरतों को पूरा करने का जरिया बनती है. एक बार फिर PM Kisan Yojana की 22वीं किस्त आने वाली है, तो लाखों किसानों के मन में एक ही सवाल है, क्या इस बार मेरा नाम लाभार्थी सूची में है?
अक्सर देखा गया है कि आवेदन करने के बाद भी कई किसानों को यह जानकारी नहीं होती कि उनका नाम सूची में जुड़ा है या नहीं, या कहीं e-KYC, बैंक लिंकिंग या दस्तावेजों में कोई कमी तो नहीं रह गई. ऐसे में समय रहते PM Kisan Beneficiary List में अपना नाम चेक करना बेहद जरूरी हो जाता है. अच्छी बात यह है कि आप घर बैठे कुछ ही मिनटों में आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपना स्टेटस देख सकते हैं. यह जान सकते हैं कि लिस्ट में आपका नाम है या नहीं.
पीएम किसान योजना क्या है और 22वीं किस्त क्यों है खास?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है. अब किसान 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, जो इस साल की पहली किस्त भी होगी. ऐसे में यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि आपका नाम लाभार्थी सूची में दर्ज है या नहीं.
किन किसानों को मिलता है पीएम किसान योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ छोटे और सीमांत किसानों को दिया जाता है, जिनके नाम पर कृषि योग्य जमीन दर्ज है. अगर किसान के पास वैध भूमि रिकॉर्ड है और उसने सही तरीके से आवेदन किया है, तो वह इस योजना के लिए पात्र माना जाता है. हर पात्र किसान को सालाना 6000 रुपये की सहायता राशि सीधे उसके बैंक खाते में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है.
कौन लोग इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं?
पीएम किसान योजना में कुछ कुछ श्रेणियां ऐसी हैं जिसके दायरे में आने वालों को इस योजना का लाभ नहीं मिलता. इनमें शामिल हैं, संस्थागत भूमि मालिक, आयकर दाता किसान, सरकारी कर्मचारी, निर्धारित सीमा से अधिक पेंशन पाने वाले, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और अन्य पेशेवर और जिनके नाम पर कृषि योग्य भूमि नहीं हैं. अगर आप इन श्रेणियों में आते हैं तो आपका आवेदन स्वीकृत नहीं होगा.
आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
पीएम किसान योजना में आवेदन करने के लिए कुछ आवश्यक दस्तावेज होने जरूरी हैं. आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, मोबाइल नंबर, भूमि से संबंधित दस्तावेज, आधार और बैंक खाते का लिंक होना अनिवार्य, e-KYC (अधिकांश राज्यों में अनिवार्य), अगर e-KYC पूरी नहीं है, तो किस्त अटक सकती है.
22वीं किस्त से पहले अपना नाम कैसे चेक करें?
अगर आपने आवेदन किया है और जानना चाहते हैं कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें:
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं-
2. होम पेज पर “Beneficiary List” विकल्प पर क्लिक करें.
3. अब अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव चुनें.
4. सभी जानकारी भरने के बाद “Get Report” पर क्लिक करें.
5. स्क्रीन पर लाभार्थियों की पूरी सूची दिखाई देगी.
6. इस सूची में अपना नाम खोजें.
7. अगर आपका नाम सूची में है, तो आप 22वीं किस्त के लिए पात्र हैं.
समय रहते स्टेटस चेक करना क्यों है जरूरी?
कई बार तकनीकी त्रुटि, गलत बैंक विवरण या e-KYC अधूरी होने की वजह से किसानों की किस्त अटक जाती है। इसलिए 22वीं किस्त जारी होने से पहले स्टेटस चेक करना जरूरी है, ताकि समय रहते गलती सुधारी जा सके.




