Begin typing your search...

Masoom Sharma का गाली देते वीडियो वायरल, महिला आयोग ने भेजा नोटिस; अपनी सफाई में क्या बोला हरियाणवी सिंगर?

हरियाणा के मशहूर सिंगर मासूम शर्मा ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान गाली दी, जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. अब इस पर हरियाणा महिला आयोग ने उन्हें 18 अप्रैल को पेश होने का नोटिस जारी किया है. हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद सिंगर ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी है.

Masoom Sharma viral video
X

हरियाणा महिला आयोग ने मासूम शर्मा को किया तलब

( Image Source:  x.com/Sachingupta )

Haryanvi singer Masoom Sharma viral video controversy: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. इस बार मामला देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां उन पर मंच से गाली देने का आरोप लगा है. कार्यक्रम के दौरान कथित टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया और मामला अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया है.

इस पूरे मामले पर हरियाणा राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए सिंगर को नोटिस जारी किया है. आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने मासूम शर्मा को 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे आयोग के सामने पेश होने के निर्देश दिए हैं.

महिला आयोग ने नोटिस भेजकर मांगा जवाब

महिला आयोग ने ई-मेल के माध्यम से नोटिस जारी करते हुए मामले को गंभीर बताया है और व्यक्तिगत रूप से जवाब मांगा है. आयोग ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मामलों में जांच करने, जानकारी मांगने और संबंधित व्यक्ति को तलब करने का अधिकार आयोग को प्राप्त है. आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि तय तारीख और समय पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में सिंगर के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है.

पहले भी पुलिस ने भेजा था नोटिस

इससे पहले देहरादून पुलिस ने भी इस मामले में मासूम शर्मा को नोटिस भेजा था. बताया जा रहा है कि चार पार्षदों की शिकायत के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की.

मासूम शर्मा ने क्या कहा?

विवाद बढ़ने के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से एक व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा था, जिसकी वजह से वे मानसिक तनाव में थे और उसी का असर उनके व्यवहार में दिखाई दिया. उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं.

क्या पहले भी विवादों में रह चुके हैं मासूम शर्मा?

यह पहली बार नहीं है जब मासूम शर्मा विवादों में आए हैं. साल 2024 में उन पर एक महिला ने मारपीट का आरोप लगाया था. वहीं 2025 में उनके गानों को लेकर गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप भी लगे थे. हालांकि, विवादों के बावजूद मासूम शर्मा हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय सिंगर्स में गिने जाते हैं. उनके ‘ट्यूशन बदमाशी का’, ‘नंबरी’, ‘जप नाम भोले का’, ‘भगत आदमी’ और ‘ठेकेदार का ब्याह’ जैसे गाने काफी लोकप्रिय रहे हैं... लेकिन लगातार बढ़ते विवादों की वजह से अब एक बार फिर उनका नाम सुर्खियों में आ गया है.

Viral Videoवायरल
अगला लेख