गार्ड मना करता रहा, विदेशी महिलाएं "गांजा" फूंकती रहीं! नोएडा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
नोएडा के सुपरनोवा स्पाइरा टावर्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें कुछ विदेशी महिलाएं स्विमिंग पूल के पास धूम्रपान करती दिखाई दे रही हैं. दावा किया जा रहा है कि महिलाएं गांजे फूंक रही हैं.
Noida Foreigners Ganja: सोशल मीडिया पर तीन विदेशी महिलाओं का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में तीनों महिलाएं स्विमसूट पहने हुए दिखाई दे रही हैं और स्विमिंग पूल के किनारे धूम्रपान करती नजर आ रही हैं. दावा किया जा रहा है कि महिलाएं गांजे का सेवन कर रही थीं और सुरक्षा गार्ड के मना करने के बावजूद नहीं रुकीं.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है. यूजर्स का दावा है कि यह वीडियो नोएडा की आलीशान इमारत सुपरनोवा स्पाइरा टावर्स का है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है. कई यूजर्स का कहना है कि कुछ विदेशी भारत आते हैं, लेकिन यहां के नियमों और संस्कृति का सम्मान नहीं करते.
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वीडियो में कथित तौर पर तीन विदेशी महिलाएं स्विमिंग पूल के किनारे बैठी दिखाई दे रही हैं. इनमें से एक महिला धूम्रपान करती नजर आ रही है. वहीं दूसरी महिला उसके पास बैठी है और ऐसा प्रतीत होता है कि वह कोई रोल तैयार कर रही है. तीसरी महिला एक सुरक्षा गार्ड से बातचीत करती दिखाई देती है.
हालांकि, स्टेट मिरर हिंदी इस वीडियो और इसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
सोशल मीडिया यूजर्स ने क्या कहा?
'इनकोग्निटो' नाम के एक यूजर ने लिखा, "नोएडा के सुपरनोवा स्पाइरा टावर्स में कुछ विदेशी महिलाएं स्विमिंग पूल के पास कथित तौर पर गांजा पीती हुई दिखाई दीं. वहां मौजूद एक सुरक्षा गार्ड ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान न करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने गार्ड की बात को नजरअंदाज कर दिया और अपना काम जारी रखा."
यूजर ने आगे लिखा, "भारत में अक्सर नागरिक शिष्टाचार (सिविक सेंस) और नियमों का पालन करने की सलाह स्थानीय लोगों को दी जाती है, जबकि विदेशी नागरिकों को कई बार ऐसे मामलों में छूट मिल जाती है."
वहीं, 'अरनव' नाम के एक यूजर ने लिखा, "विदेशी लोग सार्वजनिक स्थानों पर गांजा पी रहे हैं, सुरक्षाकर्मियों की अनदेखी कर रहे हैं और ऐसे व्यवहार कर रहे हैं जैसे उन पर कोई नियम लागू ही न हो. वही लोग जो 'नागरिकता', 'सार्वजनिक व्यवहार' और 'प्रगतिशील मूल्यों' पर लंबे-लंबे भाषण देते हुए आते हैं, अचानक नियम तोड़ने पर सब कुछ भूल जाते हैं. यह कितनी अजीब बात है कि कुछ लोग खुद को 'श्रेष्ठ संस्कृति' का चेहरा बताते हैं, जबकि हर जगह विशेष व्यवहार की उम्मीद करते हैं. नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए, चाहे आप स्थानीय हों, अमीर हों, प्रभावशाली हों या विदेशी पर्यटक."
कई और यूजर्स भी इस पर रिएक्शन देते नजर आए. कई लोगों ने तो सवाल भी उठाया कि आखिर आप कैसे कह सकते हैं कि ये लोग गांजा फूंक रहे हैं. वहीं कई दूसरे यूजर्स इन विदेशी महिलाओं को सिविक सेंस का पाठ पढ़ाते नजर आए.




