गिफ्ट की हुई थार में गोली मार पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, रातभर गाड़ी में शव लेकर घूमता रहा, फिर रुड़की नहर में फेंकी लाश
मुरादाबाद की रहने 23 साल की आदिला ने घरवालों से छिपकर शादी की थी, जिसके बाद 25 जून को वह एग्जाम का बताकर घर नहीं लौटी और 29 जून को उसके पति ने गिफ्ट की हुई कार में गोली मार हत्या कर दी.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली 23 साल की एलएलबी छात्रा के लापता होने का मामला अब एक दिल दहला देने वाले हत्या कांड में बदल गया है. 25 जून को आदिला घर से यह कहकर निकली थी कि वह हैदराबाद में एग्जाम देने जा रही है. लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. इसके बाद जो सच सामने आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया.
दरअसल, युवती ने परिवार से छिपकर शादी की थी. शादी के बाद पति-पत्नी के बीच परिवार को लेकर विवाद बढ़ गया. आरोप है कि 29 जून को पति ने रास्ते में उसे रोककर गोली मार दी, फिर पूरी रात शव को कार में लेकर घूमता रहा और बाद में उत्तराखंड की एक नहर में फेंक दिया. यह वही कार थी, जिसे आदिला ने अपने पति को गिफ्ट की थी. अब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की जांच जारी है.
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद के कारोबारी आदिव-उर-रहमान की बेटी आदिला रहमान 25 जून को घर से यह कहकर निकली थी कि वह हैदराबाद स्थित उस्मानिया यूनिवर्सिटी में एलएलबी सेकेंड ईयर की परीक्षा देने जा रही है. लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी. परिवार ने उससे कॉन्टैक्ट करने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. जांच के दौरान पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन 29 जून को दिल्ली एयरपोर्ट के पास मिली. इसके कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई.
कैसे खुला राज़?
आदिला के घरवालों को बाद में घर में एक मैरिज सर्टिफिकेट मिला, जिसमें गल्फाम अली नाम के शख्स का जिक्र था. तब परिवार को पता चला कि आदिला ने बिना किसी को बताए अजमेर के देवापुर में गल्फाम से शादी कर ली थी. इसके बाद परिवार ने 18 जुलाई को पुलिस में अपहरण का मामला दर्ज कराया और शादी का सर्टिफिकेट भी पुलिस को सौंप दिया.
क्यों हुआ आदिला और गल्फाम में झगड़ा?
पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के बाद दोनों नोएडा के एक किराए के फ्लैट में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि आदिला ही गल्फाम का पूरा खर्च उठा रही थी. हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच गल्फाम के परिवार को लेकर विवाद शुरू हो गया. पुलिस के मुताबिक, आदिला चाहती थी कि गल्फाम अपने परिवार से पूरी तरह दूरी बना ले, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था. 29 जून को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर बहस हुई. इसके बाद आदिला दिल्ली से टैक्सी लेकर मुरादाबाद लौटने लगी. इसी दौरान गल्फाम अपनी थार गाड़ी से उसका पीछा करते हुए उसके पास पहुंच गया और दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई.
कहां की हत्या और कैसे ठिकाने लगाया शव
पुलिस के अनुसार, दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास गल्फाम ने कथित तौर पर बेहद करीब से गोली मारकर आदिला की हत्या कर दी. इसके बाद उसने शव को अपनी एसयूवी में रखा और पूरी रात गाड़ी चलाकर उत्तराखंड पहुंचा. वहां रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में एक नहर में शव फेंक दिया, ताकि किसी को हत्या की भनक न लगे.
पहले से जेल में था आरोपी
वारदात के बाद गल्फाम उत्तर प्रदेश लौट आया और 1 जुलाई को एक साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में रामपुर की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया. इसी बीच 4 जुलाई को उत्तराखंड पुलिस को नहर से एक युवती का शव मिला था. पहचान नहीं होने की वजह से पुलिस ने नियमानुसार अंतिम संस्कार करा दिया. बाद में जब मुरादाबाद पुलिस की जांच आगे बढ़ी और आरोपी से पूछताछ हुई, तब इस पूरी घटना का खुलासा हुआ.




