जंतर-मंतर पर खाना खिलाने वाले जुनैद पर संकट, पिता और भाई को पुलिस ने उठाया, बहन के घर पर भी छापा; 7 Points में समझें पूरा मामला
जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच सीजेपी वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर घर में छापा मारने, परिवार के लोगों को हिरासत में लेने और दस्तावेज जब्त करने का आरोप लगाया है. जानें पूरा मामला
जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एक वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद को लेकर नया विवाद सामने आया है. एक मीडिया संस्थान को दिए गए एक इंटरव्यू में जुनैद ने बताया उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनके घर पर छापा मारकर उनके परिवार के सदस्यों को उठा लिया है. यह भी आरोप है कि मेरठ में उनकी बहन के ससुराल में भी पुलिस ने कार्रवाई की है.
इन आरोपों के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश पुलिस और सरकार पर निशाना साधा है. वहीं मोहम्मद जुनैद ने भी दावा किया है कि उनके परिवार के लोगों को परेशान किया जा रहा है. हालांकि, इन दावों पर उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
7 प्वाइंट्स में जानें पूरी डिटेल
1. जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच दावा किया गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने सीजेपी के वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद के घर पर छापा मारा. जुनैद जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के लिए लगाताकर खाना और पीने का पानी उपलब्ध करा रहे हैं.
2. दावा किया गया कि पुलिस उनके पिता और नाबालिग भाई को हिरासत में लेकर चली गई. आरोपों के मुताबिक, मेरठ में रहने वाली जुनैद की बहन के ससुर और उनके देवर को भी हिरासत में लिया गया.
3. जुनैद के अनुसार, पुलिस ने उनके भाई-बहनों समेत परिवार के लोगों की पासबुक और आधार कार्ड भी जब्त कर लिए. उन्होंने दावा किया कि पुलिस का कहना था कि "जुनैद को लेकर आओ, फिर सभी को छोड़ देंगे."
4. इन दावों के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने बयान जारी करते हुए कहा कि अपराधियों के पीछे कार्रवाई करने के बजाय उत्तर प्रदेश पुलिस अपना समय उनके वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद के पीछे लगा रही है, जो केवल प्रदर्शनकारियों को भोजन और पानी उपलब्ध करा रहे हैं.
5. सीजेपी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जुनैद और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है. पार्टी ने कहा कि उनकी टीम लगातार मोहम्मद जुनैद के परिवार के संपर्क में है और वे उन्हें या उनके परिवार को पीड़ित नहीं होने देंगे.
6. सीजेपी का कहना है कि सरकार का असहमति रखने वालों के प्रति रवैया अब चौंकाने वाला नहीं रह गया है, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं. पार्टी ने यह भी कहा कि पुलिस की हर कथित गैरकानूनी कार्रवाई को अदालत में चुनौती दी जाएगी.
7. इस बीच जेएनयू की छात्र नेता दानिश अली ने भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने मोहम्मद जुनैद के घर पर छापा मारा. उन्होंने कहा कि जुनैद कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के पहले दिन से ही प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था कर रहे थे.




