Begin typing your search...

मैं हारा पापा जीत गए, पिता के लिए क्यों ऐसा लिखकर प्रियांशु ने दी जान, सुसाइड नोट में लिख दिया जीवनभर का दर्द

कानपुर में एक 23 वर्षीय वकील प्रियांशु श्रीवास्तव ने अपने पिता से परेशान आकर कचहरी की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया.

kanpur lawyer suicide
X

kanpur lawyer suicide

( Image Source:  X/ @ranvijaylive,@madanmohansoni )

मां-बाप का बच्चों के लिए ज्यादा सख्त होना कभी-कभी ज्यादा खतरनाक साबित हो जाता है. पेरेंट्स की ज्यादा सख्ती कई बार बच्चों के दिमाग पर गहरा असर डालती है, जिसके चलते कई बच्चें गलत कदम उठा लेते हैं. ऐसा ही एक मामला कानपुर से सामने आया है. जहां एक 23 वर्षीय वकील प्रियांशु श्रीवास्तव ने अपने पिता से परेशान आकर कचहरी की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया.

सुसाइड से पहले प्रियांशु ने एक नोट लिखा और उसमें पूरी कहानी बयां की, इसके बाद उसने इस सुसाइड नोट का फोटो लेकर अपने WhatsApp पर स्टेटस लगाया. उसके सुसाइड नोट को पढ़कर पता चलता है कि प्रियांशु किस मानसिक दबाव से गुजर रहा था.

प्रियांशु ने सुसाइड नोट में क्या-क्या लिखा?

आत्महत्या से पहले प्रियांशु ने दो पन्नों का सुसाइड नोट लिखा और उसे अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर पोस्ट किया. उसने लिखा "अब तक जो कुछ मेरे साथ हुआ, उसके बाद इस तरह की जिंदगी जीने का कोई मतलब नहीं बचता. रोज-रोज घुटकर मरने से अच्छा है एक दिन मर जाना."

बचपन में क्या-क्या झेला?

सुसाइड नोट में प्रियांशु ने अपने बचपन की ऐसी घटनाओं का जिक्र किया, जो बेहद पीड़ादायक थीं. उसने बताया कि छह साल की उम्र में एक छोटी सी गलती पर उसे नंगा कर घर से बाहर निकाल दिया गया था. इस घटना के बाद से ही डर, अपमान और मानसिक दबाव उसकी जिंदगी का हिस्सा बन गए. प्रियांशु ने लिखा कि उसे हमेशा संदेह की नजर से देखा जाता था और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाती थी.

पढ़ाई को लेकर बनाया दबाव

पढ़ाई को लेकर उस पर अत्यधिक दबाव डाला जाता था. उसने बताया कि हाईस्कूल के रिजल्ट से पहले उसे चेतावनी दी गई थी कि अगर अंक कम आए तो उसे फिर अपमानित किया जाएगा. उसने लिखा “मैं हार गया, पापा जीत गए. मेरी लाश को मेरे पापा छू भी न पाएं. लव यू मम्मी."

कैसे किया सुसाइड?

गुरुवार दोपहर प्रियांशु कचहरी परिसर पहुंचा और पांचवीं मंजिल पर एक टूटी खिड़की के पास जाकर बैठ गया. लगभग 15 मिनट तक वहां रहने के बाद उसने नीचे छलांग लगा दी. पुलिस को जांच के दौरान प्रियांशु के मोबाइल फोन से सुसाइड नोट मिला है. जांच में पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव को इस कदम का प्रमुख कारण माना जा रहा है. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

अगला लेख