सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर योगी की फिर दो टूक, साफ-साफ कहा- संख्या मैनेज करो, बरेली में देख ली हमारी ताकत
CM योगी ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर सख्त बयान देते हुए कहा कि सड़कें चलने के लिए है, न कि धार्मिक आयोजन के लिए. सड़कों को बाधित करने का अधिकार किसी को नहीं है. जरूरत पड़े तो नमाज 'शिफ्ट' में पढ़ी जाए, लेकिन सड़क जाम नहीं होने दिया जाएगा.
UP CM Yogi Adityanath on Road Namaz: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि नमाज पढ़नी है तो आप शिफ्ट में पढ़िये. प्यार से मानेंगे तो ठीक है नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे. मुख्यमंत्री ने राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा - लोग मुझसे पूछते हैं कि आप के यहां यूपी में क्या सचमुच सड़कों पर नमाज नहीं होती? मैंने कहा-कतई नहीं होती. आप जाकर देख लो. कहीं नहीं होती. सड़कें चलने के लिए है या कोई भी व्यक्ति आकर चौराहे पर आकार तमाशा बना देगा.
सीएम योगी ने कहा, "क्या अधिकार है उसे सड़क रोकने का, आवागमन बाधित करने का. जहां उसका स्थल होगा, वहां जाकर नमाज अदा करे. इस पर उन लोगों ने मुझसे कहा कि यह कैसे होगा. हमारी संख्या ज्यादा है. मैंने कहा कि शिफ्ट में कर दो. तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है, तो भाई संख्या नियंत्रित करो... नहीं है सामर्थ्य तो क्यों बेकार में संख्या बढ़ाई जा रही है. सिस्टम के साथ रहना है तो याद करना हम उन नियम और कानून को मानना शुरू करें. कानून का राज होगा तो कानून के राज को सबके लिए समान रूप से लागू करेंगे. "
सीएम योगी ने कहा कि नमाज पढ़नी आवश्यक है तो आप शिफ्ट में पढ़िये. हम रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं. सड़क चलने के लिए है. हम सड़क को बाधित नहीं करने देंगे. सरकार का नियम सबके लिए समान रूप से लागू होता है.
प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सड़कों पर अराजकता नहीं फैलने देंगे. प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे. हमारा काम है संवाद बनाना. संवाद से मानेंगे तो ठीक है नहीं तो संघर्ष से देख लें. बरेली में लोगों ने हाथ आजमाने का कार्य किया, लोगों ने देख लिया इसका फायदा... इसलिए सरकार उन सिस्टम के साथ सारी व्यवस्थाओं को जोड़ना चाहती है.
पिछली सरकारों का प्रोडक्शन कट्टा और बम था: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि यूपी के अंदर पिछली सरकारों का प्रोडक्शन कट्टा और बम था. आज कट्टा और बम को हमने बंद करवाया. अब यहां ड्रोन और ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है.
बेटी के साथ छेड़खानी करने वालों की होगी रावण और दुर्योधन जैसी दुर्गति
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बेटियों के साथ छेड़खानी करने वालों को भी स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि अब कोई राह चलती हुई बेटी के साथ छेड़खानी नहीं कर सकता, क्योंकि उसको मालूम है कि जो दुर्गति रावण और दुर्योधन की हुई थी, उसकी भी वही होनी तय है...




