आगरा में सुसाइड से पहले फैशन डिजाइनर ने बनाया वीडियो, पुलिस अफसर पर लगाए आरोप, कहा-मत करो शादी पर धोखा तो मत दो
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां पेशे से फैशन डिजाइनर महिला ने सुसाइड किया है. दरअसल युवती पिछले चार सालों से पुलिस अफसर जेवी गौतम के साथ लिव इन रिलेशनशिप में थी. महिला का आरोप है कि ऑफिसर ने उसे शादी का झांसा देकर कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक शोषण किया.
आगरा में एक फैशन डिजाइनर युवती की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. महिला ने अपनी जान देने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए. वीडियो में वह कह रही है कि 'अगर शादी नहीं करनी थी तो कोई बात नहीं, लेकिन किसी लड़की को झूठे वादों और धोखे में रखना गलत है.'
इसके अलावा, महिला ने इस वीडियो में पुलिस अफसर और उसके परिवार के खिलाफ भी कई आरोप लगाए हैं. चलिए ऐसे में जानते हैं आखिर महिला ने यह कदम क्यों उठाया?
मरने से पहले वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर मृतका का आत्महत्या से पहले का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला ने कहा कि 'जेवी गौतम का भाई शादी के लिए कहता था, लेकिन वह खुद यह कहकर टाल देता था कि उसके घरवाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं. उसकी मौत के लिए जे.वी. गौतम और उसका परिवार जिम्मेदार है, क्योंकि उन्होंने उसे मानसिक रूप से इतना परेशान किया कि वह यह कदम उठाने को मजबूर हो गई. मैं चाहती हूं कि मेरे मरने के बाद जेवी को सजा हो और मुझे इंसाफ मिले.'
4 साल से लिव इन रिलेशनशिप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतका कासगंज जिले के सहावर क्षेत्र की रहने वाली थी और पेशे से फैशन डिजाइनर थी. वह अपने कई सालों से अपने पति से अलग रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात कानपुर के रहने वाले सिपाही जे.वी. गौतम से हुई. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और फिर वह पिछले चार साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे.
क्यों की महिला ने आत्महत्या?
महिला के घरवालों का आरोप है कि जे वी गौतम ने शादी का झांसा देकर मृतका को परेशान किया और फिर अचानक शादी करने से इनकार कर दिया. इस घटना के बाद युवती मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी और आखिर में उसने अपनी बहन के घर पंखे से लटककर अपनी जान दे दी.
क्या आरोपी हुआ गिरफ्तार?
मृतका के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने सदर थाने में आरोपी सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. उस पर युवती का शारीरिक शोषण करने और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जे.वी. गौतम को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.




