Begin typing your search...

मार्च में ही मई-जून जैसा हाल, खरीदना है AC तो जान लें आपके कमरे के लिए कितने टन का रहेगा बेस्ट

अगर कमरे के हिसाब से सही टन का AC नहीं चुना गया, तो वह ठीक से ठंडक नहीं दे पाएगा या फिर बिजली की खपत ज्यादा होगी. इसलिए AC खरीदने से पहले यह समझना जरूरी है कि आपके कमरे के लिए कितने टन का AC सही रहेगा.

air conditioner
X
( Image Source:  AI SORA )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत5 Mins Read

Updated on: 13 March 2026 1:37 PM IST

मार्च का महीना अभी शुरू ही हुआ है, लेकिन कई शहरों में तापमान ऐसा महसूस हो रहा है जैसे जून की तपती गर्मी आ गई हो. तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को अब पंखे से ज्यादा राहत नहीं मिल रही. ऐसे में कई घरों में एसी खरीदने की तैयारी शुरू हो गई है, क्योंकि आने वाले महीनों में इसके बिना गुजारा करना मुश्किल हो सकता है.

हालांकि एसी खरीदते समय अक्सर लोग सिर्फ ब्रांड या ऑफर देखकर फैसला कर लेते हैं. बहुत कम लोग इस बात पर ध्यान देते हैं कि उनके कमरे के लिए कितने टन का एसी सही रहेगा. ऐसे में सवाल यह है कि आखिर कमरे के साइज के हिसाब से सही एसी कैसे चुना जाए.

कमरे के हिसाब से AC लेना क्यों है जरूरी?

  • जब लोग यह सोचते हैं कि कमरे के लिए कौन-सा एसी लेना चाहिए, तो सबसे आसान जवाब है एसी की क्षमता कमरे की जरूरत के अनुसार होनी चाहिए. अगर कमरे में छोटा एसी लगा दिया जाए तो वह लगातार चलता रहेगा, फिर भी कमरा जल्दी ठंडा नहीं होगा. इससे बिजली का बिल भी ज्यादा आएगा और एसी की लाइफ भी कम हो सकती है.
  • वहीं अगर बहुत ज्यादा कैपेसिटी वाला एसी लगा दिया जाए तो वह जल्दी ठंडा कर देगा, लेकिन कमरे की नमी ठीक से कम नहीं होगी, जिससे कमरा ठंडा होने के बावजूद चिपचिपा महसूस हो सकता है.
  • इसलिए सही टन का एसी लेना न केवल आराम के लिए जरूरी है बल्कि इससे बिजली की बचत भी होती है और मशीन भी लंबे समय तक सही काम करती है.

सही AC चुनते समय किन बातों का रखें ध्यान

AC का साइज तय करते समय सिर्फ कमरे का एरिया ही नहीं देखा जाता, बल्कि कुछ और चीजें भी अहम होती हैं.

  • कमरे की छत की ऊंचाई कितनी है
  • कमरे में आमतौर पर कितने लोग रहते हैं
  • कमरे में कितनी खिड़कियां हैं और क्या उन पर सीधी धूप पड़ती है
  • आपके शहर का मौसम कैसा है (नमी वाला या सूखा)
  • कमरे में कितने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हैं जो गर्मी पैदा करते हैं
  • इन सभी बातों को ध्यान में रखकर AC की क्षमता तय की जाती है.

कमरे का साइज कैसे मापें?

सबसे पहले अपने कमरे की लंबाई और चौड़ाई को फीट में मापें. इसके बाद दोनों को आपस में गुणा कर दें. इससे कमरे का कुल एरिया (Square Feet) पता चल जाएगा.

उदाहरण के लिए अगर कमरे की चौड़ाई 12 फीट और लंबाई 15 फीट है, तो: 12 × 15 = 180 वर्ग फीट

यानी कमरे का साइज 180 स्क्वेयर फीट है. इसी के आधार पर AC की क्षमता तय की जाती है.

AC का टन कैसे कैलकुलेट करें?

AC की कूलिंग क्षमता को BTU (British Thermal Units) या टन में मापा जाता है. आमतौर पर 1 टन AC = 12,000 BTU के बराबर माना जाता है.

1. एरिया के आधार पर

एक सामान्य नियम के अनुसार हर 1 वर्ग फीट जगह के लिए लगभग 120 BTU कूलिंग क्षमता की जरूरत होती है.

BTU = कमरे का एरिया × 120

2. वॉल्यूम के आधार पर

अगर कमरे की छत की ऊंचाई अलग-अलग है, तो वॉल्यूम के आधार पर भी टन निकाला जा सकता है. इसके लिए कमरे की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई को गुणा कर दें और फिर उसे 1000 से भाग दें.

टन = लंबाई × चौड़ाई × ऊंचाई ÷ १०००

कमरे के साइज के हिसाब से कितने टन का एसी लें?

एसी चुनने के लिए एक नॉर्मल गाइडलाइन भी होती है, जिससे अंदाजा लगाना आसान हो जाता है.

  • 120 वर्ग फीट तक का कमरा – लगभग 1 टन AC
  • 150 से 200 वर्ग फीट का कमरा – लगभग 1.5 से 1.8 टन AC
  • 250 से 300 वर्ग फीट का बड़ा कमरा – लगभग 2 से 3 टन AC
  • ये रूल स्प्लिट AC और विंडो AC दोनों पर अप्लाई होते हैं, हालांकि स्प्लिट AC आमतौर पर ज्यादा शांत और बेहतर कूलिंग देने वाले माने जाते हैं.

सही AC चुनना क्यों है फायदेमंद?

अगर कमरे के हिसाब से सही टन का AC चुना जाए तो कमरा जल्दी और बेहतर तरीके से ठंडा होता है. इसके साथ ही बिजली की खपत भी कम होती है और AC लंबे समय तक बिना परेशानी के काम करता है. इसलिए जब भी नया AC खरीदने जाएं, तो पहले अपने कमरे का साइज मापें, फिर कूलिंग क्षमता का सही अंदाजा लगाएं. सही टन का AC चुनकर आप गर्मी से राहत भी पाएंगे और बिजली के खर्च को भी नियंत्रित रख सकेंगे.

अगला लेख