Begin typing your search...

नाचते हुए आईं थीं क्या, कौन हैं राजस्थान के मंत्री गजेंद्र सिंह, जो प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए ऐसा बोले, लोगों ने लिया आड़े हाथों, VIDEO

राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में दिया गया एक बयान राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है. उन्होंने गर्भवती महिलाओं पर कुछ ऐसा कहा कि उनकी सोशल मीडिया पर कापी फज़ीहत हो रही है.

नाचते हुए आईं थीं क्या, कौन हैं राजस्थान के मंत्री गजेंद्र सिंह, जो प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए ऐसा बोले, लोगों ने लिया आड़े हाथों, VIDEO
X
( Image Source:  Insta- gajendrakhimsar )

राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का एक बयान इन दिनों राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है. बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सी-सेक्शन (सिजेरियन) डिलीवरी के बाद छह महिलाओं की हालत गंभीर होने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा, "क्या ये गर्भवती महिलाएं पीबीएम अस्पताल में गंभीर हालत में आई थीं या नाचते-गाते हुए आई थीं?" उनके इस बयान को कई लोगों ने असंवेदनशील बताया है, जिसके बाद राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल और तेज हो गए हैं.

यह टिप्पणी गुरुवार को उस समय की गई जब स्वास्थ्य मंत्री बीकानेर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम अस्पताल के दौरे पर थे. आईसीयू का निरीक्षण करने के दौरान पत्रकारों ने उनसे उन महिलाओं की हालत के बारे में सवाल किया, जिनकी सी-सेक्शन डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ गई थी.

क्या बोले थे मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर?

सवालों के जवाब में मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा की ओर इशारा करते हुए कहा, "आप ही बताइए, क्या ये गर्भवती महिलाएं गंभीर हालत में अस्पताल आई थीं या नाचते-गाते हुए आई थीं?" मंत्री का आशय यह था कि महिलाएं पहले से ही गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसकी व्यापक आलोचना शुरू हो गई.

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब राजस्थान के सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं से जुड़े कई गंभीर मामले चर्चा में हैं. पिछले महीने कोटा के एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सी-सेक्शन डिलीवरी के बाद किडनी फेल होने से पांच महिलाओं की मौत हो गई थी.

जांच में बाद में कई गंभीर खामियां सामने आई थीं. रिपोर्टों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीजों की निगरानी में लापरवाही, ऑपरेशन थिएटर में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण से जुड़ी कमियां तथा कथित तौर पर नकली या घटिया गुणवत्ता के ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के इस्तेमाल जैसी बातें सामने आई थीं.

टिप्पणी पर क्या बोले अशोक गहलोत?

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वास्थ्य मंत्री की टिप्पणी को "शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण" बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने भी इस बयान की आलोचना की. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि माताओं और बहनों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालने वाले व्यक्ति से ऐसी असंवेदनशील टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जा सकती.

गजेंद्र सिंह खींवसर के बारे में कितना जानते हैं आप?

  • गजेंद्र सिंह खींवसर राजस्थान सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कैबिनेट मंत्री हैं. वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हैं और राजस्थान विधानसभा के कई कार्यकालों से सदस्य रहे हैं.
  • गजेंद्र सिंह खींवसर का जन्म 25 दिसंबर 1957 को हुआ था. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा प्रतिष्ठित दून स्कूल से प्राप्त की. इसके बाद उन्होंने कनाडा की द यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ओंटारियो से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की पढ़ाई की.
  • वह साल 2003 से राजस्थान के लोहावट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. इससे पहले वह नागौर से भी विधायक रह चुके हैं.
  • राजस्थान सरकार में वह 2003 से 2008 के बीच ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं. इसके अलावा वसुंधरा राजे सरकार में वन, पर्यावरण, खेल और युवा मामलों के मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
  • गजेंद्र सिंह खींवसर की शादी 25 फरवरी 1982 को प्रीति कुमारी से हुई थी. उनके एक बेटा और एक बेटी हैं.
  • राजनीति के अलावा खेल जगत में भी उनका नाम रहा है. उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप में किया था. कॉलेज के दिनों में वह प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन (PSA) की विश्व रैंकिंग में 28वें स्थान तक पहुंच चुके थे.
  • वह कनाडा में दूसरे स्थान के स्क्वैश खिलाड़ी भी रहे और यूएस तथा कनाडियन ओपन प्रतियोगिताओं के फाइनल तक पहुंचे थे.
  • इसके अलावा वह होटल व्यवसाय से भी जुड़े रहे हैं. खींवसर ग्रुप ऑफ होटल्स को भारत सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से "नेशनल ग्रैंड हेरिटेज अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस" से सम्मानित किया जा चुका है.
अगला लेख