Begin typing your search...

चूरू से लेकर सीकर तक, राजस्थान के इन चार जिलों में रेतीला बवंडर- दोपहर में छाया अंधेरा- देखिए पांच खौफनाक VIDEO

राजस्थान के कई जिलों में शनिवार को भीषण रेतीला तूफान देखने को मिला, जिससे दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया. मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है.

चूरू से लेकर सीकर तक, राजस्थान के इन चार जिलों में रेतीला बवंडर- दोपहर में छाया अंधेरा- देखिए पांच खौफनाक VIDEO
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी4 Mins Read

Updated on: 30 May 2026 4:25 PM IST

राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार को मौसम ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लोग दहशत में आ गए. चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और सीकर में अचानक उठे भीषण रेतीले तूफान ने पूरे माहौल को धूल के समंदर में बदल दिया. हालात ऐसे हो गए कि दोपहर के वक्त ही रात जैसा अंधेरा छा गया और लोगों को गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा.

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की तरफ से उठे धूल भरे तूफान और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों में यह खतरनाक मौसम बना. 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया. इसी के सथ दिल्ली एनसीआर का भी मौसम खराब हो गया है आंधी तूफान तेजी से चल रहा है.

चूरू में दिखा कुदरत का खौफनाक रूप

सबसे भयावह नजारा चूरू जिले के सरदारशहर में देखने को मिला. दोपहर करीब 2 बजे अचानक आसमान पर धूल की मोटी परत छा गई और कुछ ही मिनटों में पूरा शहर अंधेरे में डूब गया. तेज बवंडर और उड़ती रेत के कारण विजिबिलिटी लगभग खत्म हो गई.

सड़क पर चल रहे वाहन बीच रास्ते रुक गए. ड्राइवरों को मजबूरी में हेडलाइट्स ऑन करनी पड़ीं, क्योंकि कुछ मीटर आगे देख पाना भी मुश्किल हो गया था. कई लोगों ने इसे जिंदगी का सबसे भयानक रेतीला तूफान बताया.

बाजारों में भगदड़, लोग घरों में हुए कैद

अचानक आए इस धूल भरे तूफान ने बाजारों में अफरा-तफरी मचा दी. दुकानदार तेजी से शटर गिराते नजर आए, जबकि लोग सुरक्षित जगहों की तलाश में भागते दिखे. तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिरने की खबरें सामने आईं. इसके कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली सप्लाई ठप हो गई. धूल का गुबार इतना घना था कि घरों और दुकानों के अंदर तक रेत भर गई.

बीकानेर, श्रीगंगानगर और सीकर में भी बिगड़े हालात

रेतीले तूफान का असर सिर्फ चूरू तक सीमित नहीं रहा. श्रीगंगानगर में सुबह से ही तेज धूल भरी आंधी चलती रही. वहीं बीकानेर और सीकर के फतेहपुर-लक्ष्मणगढ़ इलाके भी धूल के गुबार से ढक गए. लोगों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर किए, जिनमें आसमान पूरी तरह पीला नजर आ रहा है और सड़कें धूल से गायब होती दिखाई दे रही हैं.

राजस्थान में चली आंधी तूफान की रफ्तार कितनी?

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम ने अचानक करवट ली है. विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में जयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, उदयपुर और भरतपुर संभाग में भी तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.

अगले 5 दिन जारी रहेगा मौसम का कहर

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान में अगले 4 से 5 दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. हालांकि, इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है. पिछले कई दिनों से 45 डिग्री के पार पहुंच रहे तापमान में अब गिरावट दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ जाएगा.

मौसम
अगला लेख