Begin typing your search...

IndiGo फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट! लैंडिंग के बाद मचा हड़कंप, इमरजेंसी एग्जिट से निकाले गए यात्री

हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक फटने से केबिन में धुआं और आग लग गई. क्रू की तत्परता से इमरजेंसी निकासी कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

IndiGo फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट! लैंडिंग के बाद मचा हड़कंप, इमरजेंसी एग्जिट से निकाले गए यात्री
X
( Image Source:  X: @Rhyacharya )

हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में अचानक भीषण हादसा हो गया. फ्लाइट में एक यात्री के पावर बैंक के फटने से बड़ा धमाका हुआ. पावर बैंक को यात्री ने अपने बैग के अंदर रखा हुआ था. इसके फटते ही पूरे केबिन में घना धुआं भर गया. कुछ ही देर बाद आग भी लग गई, जिसे एयर होस्टेस ने बहुत मुश्किल से बुझाया. यह घटना तब हुई जब फ्लाइट चंडीगढ़ के पास स्थित मोहाली के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर चुकी थी. फ्लाइट का नंबर 6E-108 था. इस फ्लाइट में कुल 198 यात्री, 2 छोटे बच्चे और 6 क्रू मेंबर्स (चालक दल के सदस्य) सवार थे. फ्लाइट दोपहर लगभग 3 बजे सुरक्षित तरीके से एयरपोर्ट पर उतर गई. लेकिन जब वह बे नंबर 1 की तरफ जा रही थी, तभी सीट नंबर 39C पर बैठे यात्री देवांश ने क्रू को बताया कि उनका पावर बैंक जल रहा है और फट सकता है.

क्रू ने तुरंत कार्रवाई की

केबिन क्रू ने तुरंत सतर्कता दिखाई, उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करके आग को बुझा दिया. लेकिन फटने की वजह से केबिन में काफी धुआं फैल चुका था. सुरक्षा को देखते हुए एहतियात बरता गया. लगभग 3:35 बजे क्रू ने इमरजेंसी एग्जिट शुरू कर दी. उन्होंने इमरजेंसी एग्जिट दरवाजे खोल दिए और इन्फ्लेटेबल स्लाइड का इस्तेमाल करके सभी यात्रियों को तेजी से विमान से बाहर निकाला.

एक महिला यात्री घायल

एग्जिट के दौरान एक महिला यात्री ऋचा को हल्की चोट लग गई. उनके टखने में चोट आई, लेकिन चोट गंभीर नहीं थी. विमान को पूरी तरह खाली करा लिया गया. इंडिगो एयरलाइंस की टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से टर्मिनल भवन तक पहुंचाया. वहां स्टाफ यात्रियों की हर तरह की मदद कर रहा था.

इंडिगो का बयान

इंडिगो एयरलाइंस ने एक आधिकारिक बयान जारी करके कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत विमान खाली कराया गया और सभी संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई. अब विमान को दोबारा उड़ान भरने से पहले पूरी तरह तकनीकी जांच की जाएगी. एयरपोर्ट पर इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन किसी भी यात्री की जान को कोई खतरा नहीं हुआ. आग और धुएं को समय रहते काबू में कर लिया गया.

पावर बैंक फटने के क्या हो सकते है कारण?

पावर बैंक अचानक ज़्यादातर ओवरहीटिंग, अंदरूनी शॉर्ट सर्किट, खराब सेल, या गलत चार्जिंग की वजह से फट सकता है. लिथियम-आयन/लिथियम-पॉलीमर बैटरी ज़्यादा गर्म होने पर अस्थिर हो सकती है, और इससे आग या ब्लास्ट का खतरा बढ़ता है.

आम कारण

बहुत देर तक चार्ज पर लगा छोड़ देना, खासकर गर्म जगह या धूप में.

बैग, कार, या बंद जगह में गर्मी फंसना.

खराब केबल, चार्जर, या सस्ते/डिफेक्टिव पावर बैंक का इस्तेमाल.

पावर बैंक की बॉडी फूलना, कटना, या अंदर से खराब होना.

बहुत गहरी डिस्चार्ज या गलत तरीके से बार-बार इस्तेमाल

खतरे के संकेत

अगर पावर बैंक ज्यादा गर्म हो, उससे जली हुई या केमिकल जैसी गंध आए, या बॉडी फूल जाए, तो उसे तुरंत इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए. ऐसे लक्षण अंदरूनी नुकसान या थर्मल रनअवे का संकेत हो सकते हैं.

सुरक्षित इस्तेमाल

सिर्फ अच्छी क्वालिटी का पावर बैंक और सही चार्जर इस्तेमाल करें.

चार्जिंग के दौरान उसे तकिये, बैग, या धूप में न रखें.

अगर बॉडी में सूजन, दरार, या असामान्य गर्मी दिखे तो उसे बदल दें.

अगला लेख