दरिंदगी की इंतिहा! खाली प्लॉट में तारों से बांधकर पिल्लों को जिंदा किया आग के हवाले, अबोहर में मचा हड़कंप
पंजाब के अबोहर में एक खाली प्लॉट में तीन मासूम पिल्लों को तारों से बांधकर जिंदा जला दिया गया. इस निर्मम वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
पंजाब के अबोहर शहर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक भयावह घटना सामने आई है. न्यू सूरज नगरी इलाके के एक खाली प्लॉट में तीन मासूम पिल्लों को पहले तारों से बांधा गया और फिर जिंदा आग के हवाले कर दिया गया. इस निर्मम वारदात की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है. लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाएं दोबारा न हो.
तार से बांधकर पिल्लों को जिंदा जलाया
यह घटना न्यू सूरज नगरी इलाके में हुई. स्थानीय निवासी हार्दिक और विंकल के मुताबिक जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंच गए. वहां पहुंचकर जो मंजर उन्होंने देखा, वह बेहद झकझोर देने वाला था. तीनों मासूम पिल्लों के मुंह और शरीर को तारों से इस तरह जकड़ा गया था कि वे हिल भी नहीं सकते थे. खुद को बचाने का उनके पास कोई रास्ता नहीं था और इसी हालत में उन्हें आग के हवाले कर दिया गया.
पुलिस जांच में जुटी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई. कुछ ही देर में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. साथ ही डॉग लवर्स संगठन के सदस्य भी वहां आए और पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की.
पोस्टमार्टम से खुलेगा सच
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सुखमंदर सिंह ने जानकारी दी कि तीनों पिल्लों के शवों को जांच के लिए वेटरनरी डिपार्टमेंट के पास भेजा जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो सकेगा कि उनकी मृत्यु कब और किस हालात में हुई. उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस आसपास के लोगों से बयान दर्ज कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
सख्त कार्रवाई की मांग
इस अमानवीय कृत्य के सामने आने के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए. उनका कहना है कि अगर ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो पशु क्रूरता की घटनाएं बढ़ सकती हैं. यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज को भी सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर बेजुबान जानवरों के साथ ऐसी दरिंदगी कब तक जारी रहेगी.




