मंच पर क्यों और किस पर बुरी तरह भड़क गए शिवराज चौहान, बोले- जनता मूर्ख थोड़ी है, VIDEO
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कार्यक्रम में लोगों को बार-बार खड़ा करने पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा, "जनता हमारी भगवान है, हम उनके लिए खड़े हैं.
Shivraj Singh Video: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ऐसे नेता हैं, जिन्हें बीजेपी के विरोधी भी पसंद करते हैं. उन्होंने हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम में इस बात की झलक भी दिखाई. जब मंच से लोगों से खड़े होकर तालियां बजाने के लिए कहा गया, तो शिवराज सिंह चौहान ने इस पर आपत्ति जताई और कहा, "जनता हमारी भगवान है, हम उनके लिए खड़े हैं, वे क्यों खड़े होंगे?"
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि "यही एक प्रधानमंत्री की क्वालिटी होती है." वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, "मध्य प्रदेश में आज भी शिवराज सिंह चौहान के कद का कोई नेता नहीं है."
शिवराज सिंह के वीडियो में क्या है?
मंच से शिवराज सिंह चौहान का नाम घोषित किया जाता है और सभी लोगों से खड़े होकर तालियां बजाने के लिए कहा जाता है. इतना सुनते ही शिवराज सिंह तेजी से माइक की ओर बढ़ते हैं. उनके तेज कदमों से साफ था कि उद्घोषक द्वारा कही गई बात उन्हें पसंद नहीं आई.
क्या बोले शिवराज सिंह चौहान?
बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने उद्घोषक के हाथ से माइक लिया और कहा, "ये बहुत गलत बात है कि जनता को बार-बार खड़ा किया जाए. मैं इस पर आपत्ति जताता हूं. जनता कोई मूर्ख नहीं है कि उन्हें बार-बार कहा जाए कि खड़े हो जाओ. जनता तो हमारी भगवान है. उन्हें बार-बार क्यों कहा जाए कि खड़े हो जाओ? इनके लिए मैं खड़ा हूं. तुम बैठो, मामा तुम्हारे लिए खड़ा रहेगा."
इसके बाद शिवराज सिंह पीछे मुड़कर एंकर को समझाते नजर आते हैं कि बार-बार लोगों से खड़े होने के लिए कहना अच्छा नहीं लगता.
सोशल मीडिया यूजर्स ने क्या कहा?
नवीन कुमार नंदन नाम के एक यूजर ने लिखा, "प्रधानमंत्री बनने के सारे गुण इनमें दिखाई देते थे, इसलिए इनका पत्ता कट गया. जितने गुण समाहित कर पाए थे, अब उन्हें प्रकट कर रहे हैं." वहीं, बृजेश राजपूत नाम के एक यूजर ने लिखा, "मध्य प्रदेश के नेताओं में कोई भी शिवराज सिंह चौहान की हाजिरजवाबी और मजाकिया अंदाज का मुकाबला नहीं कर सकता. मौका मिलते ही वे दिखा देते हैं कि उनकी लीडरशिप किस मिट्टी की बनी है. जब मंच के एंकर ने उनसे अपनी जगह से उठने के लिए कहा, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में उन्हें एक बड़ी सीख दे दी."




