कहानी मध्य प्रदेश के ककनमठ मंदिर की, जिसे भूतों ने बनाया था एक रात में- FAQ से जानें 24 घंटे में क्या-क्या होता है
मध्य प्रदेश के ककनमठ मंदिर को भूतों का मंदिर क्यों कहा जाता है? जानिए 1000 साल पुराने इस रहस्यमयी शिव मंदिर का इतिहास, रहस्य और सच.
क्या आपने कभी किसी ऐसी इमारत को देखा है जिसे देखकर लगे कि वह अगले ही पल ढह जाएगी, लेकिन वह एक-दो साल नहीं बल्कि पूरे एक हजार साल से उसी हालत में खड़ी हो? मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक ऐसा ही रहस्यमयी मंदिर मौजूद है, जिसके बारे में कहा जाता है कि इसे इंसानों ने नहीं, बल्कि भूतों ने बनाया था.
स्थानीय लोगों का दावा है कि एक रात अचानक अंधेरे में कुछ अलौकिक शक्तियां प्रकट हुईं और उन्होंने विशाल पत्थरों को उठाकर मंदिर बनाना शुरू कर दिया. पूरी रात काम चलता रहा. सूरज निकलने से पहले मंदिर लगभग तैयार हो चुका था, लेकिन तभी गांव की एक महिला ने चक्की चलानी शुरू कर दी. चक्की की आवाज सुनते ही वे रहस्यमयी शक्तियां गायब हो गईं और मंदिर अधूरा रह गया.
आज भी जब लोग ककनमठ मंदिर को देखते हैं तो हैरान रह जाते हैं. न इसमें सीमेंट है, न चूना, न कोई आधुनिक तकनीक. विशाल पत्थर एक-दूसरे के ऊपर ऐसे टिके हैं मानो बस छूते ही गिर पड़ेंगे. लेकिन हैरानी की बात यह है कि आंधी, तूफान, बारिश और भूकंप के बावजूद यह मंदिर पिछले एक हजार वर्षों से अडिग खड़ा है.
क्या सचमुच इसे भूतों ने बनाया था? क्या इसके पीछे कोई प्राचीन वास्तुकला का रहस्य छिपा है? या फिर यह उन अनसुलझी कहानियों में से एक है, जिनका जवाब आज भी इतिहास नहीं दे पाया? इन्हीं सब सवालों के जवाब जानने के लिए नीचे FAQ के माध्यम से सब जानते हैं...
ककनमठ मंदिर मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सिहोनिया गांव में स्थित है. यह मुरैना शहर से लगभग 35 किलोमीटर दूर है.
मध्य प्रदेश के ककनमठ मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और यहां आज भी शिवलिंग स्थापित है.
इसका कोई ऐतिहासिक प्रमाण नहीं है. यह केवल स्थानीय लोककथा है. इतिहासकारों के अनुसार मंदिर का निर्माण 11वीं शताब्दी में राजा कीर्तिराज ने करवाया था.
माना जाता है कि यह मंदिर 11वीं शताब्दी में कच्छपघात (कच्छवाहा) वंश के शासनकाल में बनाया गया था.
मंदिर प्राचीन पत्थर-स्थापत्य तकनीक से बनाया गया है, जिसमें विशाल पत्थरों को संतुलन और इंटरलॉकिंग तकनीक से जोड़ा गया था.
विशेषज्ञों के अनुसार इसकी संरचना और पत्थरों के संतुलन की तकनीक इतनी मजबूत है कि सदियों से मौसम की मार झेलने के बावजूद यह खड़ा हुआ है.
कहा जाता है कि राजा कीर्तिराज ने अपनी पत्नी रानी ककनावती की स्मृति में इस मंदिर का निर्माण करवाया था, इसलिए इसका नाम ककनमठ पड़ा.
स्थानीय लोगों के बीच कई रहस्यमयी मान्यताएं प्रचलित हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर यह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित स्मारक है और निर्धारित समय के अनुसार ही भ्रमण किया जाता है.
इसका सबसे बड़ा रहस्य इसकी निर्माण तकनीक है. बिना गारे और सीमेंट के बने विशाल पत्थरों का संतुलन आज भी लोगों और विशेषज्ञों को आकर्षित करता है.
अक्टूबर से मार्च के बीच का मौसम सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि इस दौरान गर्मी कम होती है और मंदिर परिसर आराम से देखा जा सकता है.




