Begin typing your search...

रीवा के संजय गांधी अस्पताल को लेकर भारी विवाद, कांग्रेस विधायक का आरोप- खूबसूरत महिला के शव के साथ होता है रेप

रीवा के संजय गांधी अस्पताल को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. कांग्रेस ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग की है. वहीं, इलाज और पोस्टमार्टम से जुड़े कई मामलों ने भी अस्पताल को सवालों के घेरे में ला दिया है.

रीवा के संजय गांधी अस्पताल को लेकर भारी विवाद, कांग्रेस विधायक का आरोप- खूबसूरत महिला के शव के साथ होता है रेप
X

दिग्विजय सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग की

( Image Source:  X : @JaikyYadav16 )

रीवा के संजय गांधी अस्पताल को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान विधायक अभय मिश्रा ने अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए बेहद चौंकाने वाला आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि अगर किसी खूबसूरत महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया जाता है, तो उसके साथ दुष्कर्म किया जाता है.

विधायक ने पोस्टमार्टम के नाम पर मृतकों के परिजनों से पैसे लेने का आरोप भी लगाया. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान ऐसी किसी घटना का कोई आधिकारिक प्रमाण सामने नहीं आया है.

कितने शवों का पोस्टमार्टम होता है हर दिन ?

संजय गांधी अस्पताल में रोजाना कई शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है. इनमें महिलाओं और पुरुषों दोनों के शव शामिल होते हैं. बताया जाता है कि सामान्य तौर पर हर दिन 3 से 7 और कई बार 10 तक शव पोस्टमार्टम के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में विधायक के आरोपों ने अस्पताल की व्यवस्था और निगरानी को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

कब शुरू हुआ विवाद?

कांग्रेस का प्रदर्शन 25 वर्षीय कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के मामले को लेकर हो रहा है. कल्पना को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सी-सेक्शन के बाद मां और बच्चे दोनों की मौत हो गई. परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. मामले में दो डॉक्टरों और दो नर्सिंग स्टाफ को निलंबित किया गया, जबकि बाद में अस्पताल अधीक्षक को भी पद से हटा दिया गया.

कैसे बताया गया जिंदा मरीज को मृत?

अस्पताल से जुड़ा एक और मामला 5 सितंबर को सामने आया. 66 वर्षीय गिरिजा प्रसाद गुप्ता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था. परिवार जब उन्हें लेकर जा रहा था, तब उन्हें सांस चलने का एहसास हुआ. बाद में मरीज को वापस अस्पताल लाकर आईसीयू में भर्ती कराया गया. अस्पताल ने मामले की जांच की बात कही है.

क्यों दिया गया सांप काटने का इंजेक्शन?

6-7 सितंबर को 18 वर्षीय आयुष सिंह ने आरोप लगाया कि कुत्ते के काटने के बाद अस्पताल पहुंचने पर उसकी पर्ची में सांप के काटने का इतिहास दर्ज कर दिया गया और उसे उसी से जुड़ा इंजेक्शन दे दिया गया. बाद में उसे एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया. अस्पताल ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही.

क्यों अस्पताल के दूसरे मामलों ने बढ़ाई चिंता?

इसके अलावा सतना की अर्चना गुप्ता के परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. वहीं 31 अगस्त को अस्पताल की ऊपरी मंजिल से एक युवक के गिरने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे.

क्यों मांगा दिग्विजय सिंह ने इस्तीफा ?

कांग्रेस के प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए. उन्होंने अस्पताल में सामने आए मामलों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग की. दूसरी ओर, कल्पना मिश्रा के पिता भी एफआईआर की मांग को लेकर अलग से धरने पर बैठे हैं. कांग्रेस का कहना है कि ठोस कार्रवाई होने तक उसका विरोध जारी रहेगा.

अगला लेख