Begin typing your search...

महिलाएं बल्ब नहीं कैंडल हैं... अदिति की ‘कैंडल’ थ्योरी, राधिका की शादी में घुसा रोमांस का पेंच, Lust Stories 3 का ट्रेलर है मजेदार

Lust Stories 3 के करीब 2 मिनट 19 सेकंड के इस ट्रेलर में रिश्तों की उलझन, रोमांस और मजेदार तकरार की ऐसी झलक मिलती है. अदिति की बेबाक बातों से लेकर राधिका-अली की नोकझोंक तक, ट्रेलर में खूब मसाला नजर आ रहा है.

महिलाएं बल्ब नहीं कैंडल हैं... अदिति की ‘कैंडल’ थ्योरी, राधिका की शादी में घुसा रोमांस का पेंच, Lust Stories 3 का ट्रेलर है मजेदार
X
( Image Source:  instagram-@ Netflix India )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 9 Sept 2026 1:24 PM IST

Lust Stories 3 का ट्रेलर रिलीज होते ही इसकी कहानियों की झलक ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. ट्रेलर में प्यार, शादी, रिश्तों की उलझन और छिपी चाहतों को मजेदार अंदाज में दिखाया गया है. खास तौर पर राधिका मदान और अली फजल की शादीशुदा जिंदगी में रोमांस और उम्मीदों का पेंच कहानी को दिलचस्प बनाता नजर आ रहा है.

वहीं अदिति राव हैदरी का ‘कैंडल’ वाला उदाहरण ट्रेलर की सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाली बातों में से एक है. चार अलग-अलग कहानियों और चार डायरेक्टर के साथ बनी इस एंथोलॉजी में कहीं कॉमेडी है तो कहीं रिश्तों की गंभीर उलझन. ट्रेलर देखकर साफ है कि Lust Stories 3 प्यार और चाहत को एक अलग और मजेदार नजरिए से पेश करने वाली है.

अदिति राव हैदरी का ‘कैंडल’ वाला फंडा

ट्रेलर में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली झलक अदिति राव हैदरी की है. उनके किरदार का मानना है कि महिलाओं की चाहत को बल्ब की तरह नहीं समझा जा सकता, जिसे जरूरत के हिसाब से तुरंत ऑन या ऑफ कर दिया जाए. वह इसके लिए मोमबत्ती का उदाहरण देती हैं, जो सिर्फ जलती नहीं बल्कि धीरे-धीरे पिघलती भी है. इसी हिस्से में ‘आखिर चाहिए क्या मैडम को?’ वाला डायलॉग भी ट्रेलर का मजेदार और याद रहने वाला हिस्सा बन जाता है.

कोंकणा और राधिका आप्टे की कॉमेडी

कोंकणा सेन शर्मा, राधिका आप्टे, अभिषेक बनर्जी और विजय वर्मा वाली कहानी ट्रेलर में कॉमेडी का तड़का लगाती है. एक सीन में कोंकणा, राधिका से ‘फायरवर्क्स’ के लिए तैयार रहने की बात करती हैं. लेकिन राधिका तुरंत याद दिलाती हैं कि वे कोरिया में नहीं बल्कि कांदिवली में हैं. यही छोटा सा मजेदार पल ट्रेलर के हल्के-फुल्के अंदाज को सामने लाता है.

राधिका मदान-अली फजल की शादी में तकरार

एक कहानी राधिका मदान और अली फजल के किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती दिखती है. दोनों शादीशुदा हैं, लेकिन उनके बीच उम्मीदों और जिम्मेदारियों को लेकर खींचतान साफ दिखाई देती है. राधिका का किरदार कहता है कि अगर किसी चीज का फायदा चाहिए तो उसमें निवेश भी करना पड़ता है. इसके जवाब में अली का किरदार शादी को लेकर ऐसा तंज कसता है, जो पूरे सीन को गंभीर होने के बजाय मजेदार बना देता है. इस हिस्से से लगता है कि फिल्म शादी को सिर्फ भावुक रिश्ते के तौर पर नहीं, बल्कि रोजमर्रा की नोकझोंक और आपसी उम्मीदों के नजरिए से भी दिखाएगी.

भाषा की दीवार भी बनेगी कहानी का हिस्सा

ट्रेलर में गुरफतेह पीरजादा और सना थंपी भी नजर आते हैं. दोनों के किरदार करण और लिसा हैं और उनकी कहानी में बातचीत और भाषा से जुड़ी परेशानियां देखने को मिल सकती हैं. यानी हर कहानी में रिश्तों की अलग समस्या और उसे संभालने का अलग तरीका दिखाई देगा.

‘लस्ट स्टोरीज 3’ के बारे में

‘लस्ट स्टोरीज 3’ 18 सिंतबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. इस फिल्म में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, विजय वर्मा, अली फजल, सिद्धार्थ, अभिषेक बनर्जी समेत कई कलाकार हैं.

अगला लेख