गला घोंटा, शव झाड़ियों में फेंका; बेटे की सलामती के लिए मां ने दे डाली 13 वर्षीय बेटी की बलि
हजारीबाग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है.
बच्ची की अपनी मां समेत तीन गिरफ्तार
झारखंड के हजारीबाग जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. इस जघन्य अपराध में बच्ची की अपनी मां समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
24-25 मार्च की रात हुई इस वारदात ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया, बल्कि पूरे राज्य में आक्रोश की लहर दौड़ा दी. शुरुआती तौर पर इसे दुष्कर्म और हत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया.
कहां मिला बच्ची का शव?
25 मार्च की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कुसुम्भा गांव के एक मिडिल स्कूल के पीछे बांस की झाड़ियों में एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बच्ची की हालत देखकर लोगों ने दुष्कर्म और बेरहमी से हत्या की आशंका जताई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया.
कैसे लापता हुई थी बच्ची?
जानकारी के अनुसार, मृतका 24 मार्च की रात अपनी मां के साथ मंगला जुलूस देखने गई थी. इसके बाद वह अचानक लापता हो गई. परिजनों ने FIR दर्ज कराते हुए अपहरण की आशंका जताई थी और बताया था कि 25 मार्च को उसका शव गांव के एक खेत में मिला. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं.
कैसे हुआ चौंकाने वाला खुलासा?
मामले की गंभीरता को देखते हुए 26 मार्च को SIT का गठन किया गया. जांच के दौरान सामने आया कि बच्ची की मां रेशमी देवी, अपने बेटे की शारीरिक और मानसिक समस्याओं को लेकर गांव की तांत्रिक शांति देवी के संपर्क में थी. तांत्रिक ने अंधविश्वास के चलते समस्याओं के समाधान के लिए कुंवारी लड़की की बलि देने की बात कही, जिस पर मां ने सहमति जता दी.
किस-किस ने की हत्या?
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना की रात बच्ची को बहाने से तांत्रिक के घर ले जाया गया. वहां मां, शांति देवी और भीम राम जिसके साथ महिला का पिछले 10 वर्षों से अवैध संबंध था तीनों ने मिलकर बच्ची को बांसवाड़ी में ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद तंत्र-मंत्र के नाम पर शव के साथ अमानवीय कृत्य भी किए गए.
SIT की कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों भीम राम, रेशमी देवी और शांति देवी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है.
पुलिस ने देर रात क्यो किया खुलासा?
अदालत की सख्ती के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बुधवार देर रात पूरे मामले का खुलासा किया और आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया. इस खुलासे के बाद इलाके में जहां एक ओर आक्रोश है, वहीं पुलिस की कार्रवाई पर भी लोगों की नजर बनी हुई है.




