Begin typing your search...

पहले रेप केस में गया था जेल, बाहर आते ही फिर किया वही घिनौना काम, लोगों ने कर दी हत्या; 5 पॉइंट्स में जानें झारखंड़ बवाल की पूरी कहानी

झारखंड के चतरा में एक रेप केस का आरोपी जेल से बाहर आया था, लेकिन जेल से बाहर आते ही उसने अब दूसरी युवती को निशाना बनाया, जिसके बाद गुस्साएं लोगों ने आरोपी की पीट-पीटकर हत्या कर दी.

Chatra man lynched
X

Chatra man lynched

( Image Source:  X/ @Mukesh_Ranchi )

झारखंड के चतरा जिले में कथित दुष्कर्म के एक मामले के बाद हिंसा भड़कने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, एक युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में एक व्यक्ति की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है.

पुलिस का कहना है कि युवती के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. वहीं, आरोपी की मौत के मामले में भी अलग से कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. प्रशासन ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है.

5 पॉइंट्स में जानें पूरा मामला

1. अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार शाम युवती शौच के लिए घर से बाहर गई थी. आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसका कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया. परिजनों ने पूरी रात युवती की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. मंगलवार सुबह जब वह घर लौटी तो उसने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद गुस्साए परिजन और कुछ अन्य लोग कथित आरोपी के घर पहुंचे.

2. पुलिस के अनुसार, परिजनों और अन्य लोगों ने आरोपी को उसके घर से बाहर निकालकर लाठियों और पत्थरों से उसकी पिटाई कर दी. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

3. तांडवा के उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

4. एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि मृतक व्यक्ति को साल 2023 में एक अन्य युवती से रेप के आरोप में जेल भेजा गया था. पुलिस के अनुसार, वह हाल ही में जेल से बाहर आया था. घटना के बाद किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

5. झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग (जेएसएमसी) के अध्यक्ष हेदयातुल्लाह खान ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा "किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है." उन्होंने चतरा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी भी ली.

अगला लेख