नोएडा में एक और बस में लगी भीषण आग, दिल्ली से जा रही थी बिहार, सभी यात्री सुरक्षित, सामान जला
नोएडा के सेक्टर-150 में एक्सप्रेसवे के पास मंगलवार को दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. हादसे के वक्त बस में करीब 30 यात्री सवार थे. आग बढ़ने से पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बस पूरी तरह जल गई, जबकि यात्रियों का सामान भी राख हो गया. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
नोएडा के सेक्टर-150 में एक्सप्रेसवे के पास मंगलवार को एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. फायर विभाग की करीब चार गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं.
यह बस दिल्ली से बिहार जा रही थी. जिस समय बस में आग लगी उस समय करीब 30 यात्री उसमें सवार थे. पुलिस के मुताबिक, आग बढ़ने से पहले सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई. इस दौरान बस से धमाके की आवाज भी सुनाई देने की बात सामने आई है. यात्रियों का सामान भी जलकर राख हो गया.
फायर विभाग की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है. आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल सका है. अधिकारियों के मुताबिक, आग बुझने के बाद बस के अंदर दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न हो.
इससे पहले भी हुआ था हादसा
इससे पहले ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर 23 सितंबर को एक चलती स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया था. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई थी. बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे. आग लगने के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई थी. बस बिहार जा रही थी. हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ था.
चलती बस में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया था आग लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया था, कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की थी, लेकिन मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
FIR में लगाए गए थे क्या आरोप?
FIR में दर्ज आरोपों के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की रात दिल्ली के कश्मीरी गेट से आगरा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की बस (BR32PA8647) में यमुना एक्सप्रेसवे पर आग लग गई. FIR के अनुसार, बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे. किमी 33 के पास यात्रियों ने चालक और परिचालक को बस से जलने जैसी गंध आने की जानकारी दी थी.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि इसके बावजूद बस को तत्काल नहीं रोका गया. कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से आग की लपटें निकलने लगीं. देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और बस के अंदर धुआं भर गया, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए.




