हिसार में लिफ्ट बनी काल! 31 साल के युवक की लिफ्ट में गर्दन फंसने से मौत, परिवार ने क्यों लगाए मर्डर के आरोप
हिसार में एक मिठाई की दुकान की लिफ्ट में 31 साल के शख्स की की गर्दन फंसने से मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है.
हरियाणा के हिसार में एक मिठाई की दुकान में हुआ दर्दनाक हादसा चर्चा का विषय बन गया है. यहां काम कर रहे 31 साल के युवक जसबीर की लिफ्ट में गर्दन फंसने से मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इस मामले ने नया मोड़ तब ले लिया, जब मृतक के परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया. परिवार का आरोप है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकता है. फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.
कैसे हुआ हादसा?
मृतक की पहचान जसबीर के रूप में हुई है, जो हिसार के पास स्थित कुंभा खेड़ा गांव का रहने वाला था. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को वह दुकान की लिफ्ट के पास काम कर रहा था. इसी दौरान उसकी गर्दन अचानक लिफ्ट में फंस गई. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
पुलिस किन पहलुओं पर कर रही जांच?
घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों और दुकान के कर्मचारियों से भी घटना के बारे में जानकारी जुटाई. जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुकान में लगी लिफ्ट की देखरेख सही तरीके से की जा रही थी या नहीं. साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह और साफ हो सकेगी. इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परिवार ने क्यों जताया शक?
मृतक के चाचा मनदीप ने इस मामले को केवल हादसा मानने से इनकार किया है. उनका कहना है कि जसबीर की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हो सकती. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच करने और हर पहलू की पड़ताल करने की मांग की है. पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं.
कितनी बार हुए ऐसे हादसे
हिसार जिले में लिफ्ट से जुड़ा यह पहला हादसा नहीं है. इससे पहले भी अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान लिफ्ट दुर्घटनाओं में जा चुकी है. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित जांच को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं. पुलिस फिलहाल सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है.




