हरियाणवी म्यूजिक प्रोड्यूसर से वांटेड गैंगस्टर तक, दीपक नांदल कौन जिसकी गैंग के 4 शूटर एनकाउंटर में ढेर, विदेश से ऐसे करता है रंगदारी
गुरुग्राम में हुए एनकाउंटर के दौरान 3 पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए मेंदाता अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना गरुवार रात 11.30 बजे की है.
हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार रात यानी 9 जुलाई को दीपक नांदल गैंग के चार शूटरों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया. एक शूटर घायल हुआ है. विदेश में बैठा नांदल दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा क्षेत्र में क्राइम की घटनाओं को अंजाम देता है. वह हरियाणवी फिल्म जगत में म्यूजिक प्रोड्यूसर रह चुका है और बादशाह जैसे सिंगर के साथ उसने काम किया हुआ है. उसने 'कर गई चुल' और 'हरियाणा रोडवेज' गानों को बनाने के दौरान काम किया हुआ है.
पुलिस ने बताया कि वह किडनैपिंग, एक्सटॉर्शन और मर्डर के मामलों में मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर है. भारत से भागने के बाद वो लंदन से फिरौती का नेटवर्क चला रहा है. गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके गुरुवार रात को ए ब्लॉक में प्रॉपर्टी कारोबारी और एसजीटी यूनिवर्सिटी के फाउंडर के बेटे विशाल बेरी रहते हैं. नांदल के शूटरों ने इनके घर पर धावा बोल दिया और इन्हें बंधक बना लिया. घटना के समय बेरी घर पर अकेले थे. यह घटना रात करीब 11.30 बजे हुई.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली कि हथियारों के साथ कुछ संदिग्ध बदमाश एक एसयूवी कार में घूम रहे हैं. जब तक पुलिस सुशांत लोक में पहुंची, तब तक बदमाश हथियारों की मदद से विशाल बेरी के घर पर गोलीबारी शुरू कर चुके थे. पुलिस ने बदमाशों से सरेंडर करने के लिए कहा लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद हुई जवाबी गोलीबारी में चार बदमाश मारे गए और एक घायल हो गया और विशाल बेरी को बचा लिया गया.
मारे गए 4 बदमाशों में से तीन रोहतक जिले के रहने वाले थे, जबकि चौथा फतेहाबाद का निवासी था. गिरोह का घायल सदस्य शिवम है, जो नूंह जिले के कोटा बिसार गांव का है. इस दौरान 3 पुलिसकर्मी भी घायल हुए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. गोली लगने से घायल हुए 3 पुलिसवालों की पहचान अपराध शाखा सेक्टर-40 के एएसआई सुनील, कांस्टेबल मंजीत और कांस्टेबल शमशेर के रूप में हुई है. उनका मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पुलिस का आरोप है कि नांदल विदेश में रहकर अपना आपराधिक नेटवर्क संचालित करता है और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपने गिरोह में शामिल करता है. उसके संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन और कनाडा जैसे देशों में सक्रिय होने की भी जानकारी है. दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर)की पुलिस लंबे समय से दीपक नांदल की तलाश कर रही है.
हाल के बीते सालों में, नांदल गैंग ने दिल्ली-NCR इलाके में बिल्डरों, व्यापारियों, फ़ैशन डिज़ाइनरों और गायकों समेत कई जाने-माने लोगों को निशाना बनाया है. 2025 में राहुल फजिलपुरिया पर हुए हमले के बाद, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई जिसमें सुनील सरधानिया, दीपक नंदल और इंद्रजीत यादव के नाम से गोलीबारी की जिम्मेदारी ली गई थी.
ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में आधी रात दीपक नांदल गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़, 4 बदमाश ढेर, 3 पुलिसकर्मी घायल
उल्लेखनीय है कि राहुल फ़ज़िलपुरिया ने नांदल से 5 करोड़ रुपये लिए थे और उन्हें वापस नहीं किया था. अगस्त 2025 में, गुरुग्राम में दिन-दहाड़े गायक राहुल फ़ज़िलपुरिया के सहयोगी रोहित शौकीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. नांदल ने इस हत्या की ज़िम्मेदारी भी ली थी. इस साल मई में, गैंगस्टर दीपक नंदल के शूटर्स ने कन्हाई गांव में फजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गनाइज़र सौरभ यादव के घर पर भी गोलीबारी की थी.




