गुरुग्राम में आधी रात दीपक नांदल गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़, 4 बदमाश ढेर, 3 पुलिसकर्मी घायल
गुरुग्राम के सुशांत लोक में रंगदारी से जुड़े मामले में बदमाशों ने कारोबारी के घर फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चार बदमाश मारे गए, एक घायल है और तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए.
हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब हथियारबंद बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में चार बदमाश मारे गए. इस दौरान गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हो गए. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस के अनुसार मारे गए बदमाश विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल के गिरोह से जुड़े शूटर थे. घटनास्थल से पुलिस ने पांच अत्याधुनिक ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं.
प्रारंभिक जांच के मुताबिक घटना गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 इलाके की है. यहां एक नामी कारोबारी के घर पर बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं. बताया जा रहा है कि कारोबारी को पिछले कुछ समय से विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से रंगदारी के लिए लगातार धमकियां मिल रही थीं.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची क्राइम ब्रांच
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि संदिग्ध बदमाश एक स्कॉर्पियो एसयूवी में हथियारों के साथ इलाके में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. तब तक आरोपी कारोबारी के घर पर फायरिंग कर चुके थे.
सरेंडर करने को कहा, बदमाशों ने पुलिस पर ही चला दी गोलियां
पुलिस का कहना है कि क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों को घेरकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने जवाब में पुलिस पर ही गोलियां चला दीं और भागने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपियों को पकड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई की.
मुठभेड़ के दौरान पांचों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए. उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया. एक आरोपी का इलाज अभी जारी है.
तीन पुलिसकर्मी भी हुए घायल
फायरिंग के दौरान गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच के तीन जवान भी गोली लगने से घायल हुए. उन्हें भी तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घटनास्थल से मिले ऑटोमैटिक हथियार, जांच जारी
मुठभेड़ के बाद डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), सीन ऑफ क्राइम टीम और अन्य विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने बताया कि मारे गए और घायल आरोपियों की पहचान, उनका आपराधिक रिकॉर्ड, बरामद हथियारों की विस्तृत जानकारी और जांच से जुड़े अन्य तथ्य सत्यापन के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे.
पुलिस का बयान
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने दोहराया कि आम लोगों में डर फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे.




