प्यार में ठुकराया तो बना हैवान, सिरफिरे आशिक ने छात्रा को उतारा मौत के घाट, पेट- पीठ और हाथों पर 10 बार चाकू से किया वार
भिलाई में 19 साल की एक फार्मेसी छात्रा की हत्या ने सनसनी फैला दी. पुलिस के अनुसार, युवक ने लव प्रपोजल ठुकराए जाने और फोन नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज होकर छात्रा पर पेट, पीठ और हाथों पर करीब 10 बार चाकू से हमला किया.
छत्तीसगढ़ के भिलाई से सामने आई इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस के मुताबिक, 19 साल की फार्मेसी छात्रा ने जब एक युवक के प्रपोजल को ठुकरा दिया और उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया, तो वह गुस्से में हैवान बन बैठा. आरोपी कथित तौर पर छात्रा के पीजी पहुंचा और बहस के बाद उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि छात्रा के पेट, पीठ और हाथों पर करीब 10 वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई.
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से छात्रा का पीछा कर रहा था और अलग-अलग नंबरों से उसे लगातार फोन कर परेशान करता था. इतना ही नहीं, उसने छात्रा के भाई और उसके कैफे मालिक को भी धमकी दी थी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
क्या करती थी छात्रा?
मृतक खुशी साहू बेमेतरा जिले के कुम्ही गांव की रहने वाली थी और हाल ही में भिलाई के एक प्राइवेट कॉलेज में फार्मेसी की पढ़ाई के लिए आई थी. अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए वह वैशाली नगर स्थित एक कैफे में पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थी.
लगातार कर रहा था परेशान
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिंटू साहू पिछले करीब एक महीने से खुशी को लगातार फोन कर परेशान कर रहा था. उसका नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद भी वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल करता रहा. पुलिस का कहना है कि आरोपी एकतरफा प्यार में उसके पीछे पड़ा हुआ था.
कहां किया हमला?
जांच के अनुसार, शुक्रवार को आरोपी सीधे खुशी के किराये के कमरे में पहुंच गया. उस समय उसकी रूममेट बाथरूम में थी और खुशी कमरे में अकेली थी. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि पहले युवक ने उसका गला दबाने की कोशिश की और फिर चाकू से कई वार कर दिए. छात्रा के पेट, पीठ और हाथों पर कई गंभीर चोटें आईं. ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जब रूममेट बाहर आई तो उसने खुशी को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा. इसके बाद मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस छात्रा को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पहले भी मिल चुकी थी धमकी
पुलिस के मुताबिक, हत्या से करीब एक सप्ताह पहले खुशी ने अपने भाई को बताया था कि एक युवक उसे लगातार फोन कर परेशान कर रहा है. इतना ही नहीं, घटना से दो दिन पहले आरोपी ने उसके भाई को भी धमकी दी थी. जांच में यह भी पता चला कि उसने उस कैफे के मालिक को भी छात्रा की नौकरी छुड़वाने और उससे शादी कराने की बात कही थी.
कैसे खरीदा था चाकू?
पुलिस का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू आरोपी ने ऑनलाइन खरीदा था. घटना के बाद वह रायपुर की ओर भाग गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब बनाई गई और क्या यह वारदात पहले से सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी.




