Begin typing your search...
ओमान तट के पास 11 भारतीयों को लेकर जा रहे जहाज पर हमला, 10 को बचाया गया- 1 अभी भी लापता; भारत ने क्या कहा? 10 Points
ओमान तट के पास साइप्रस-ध्वज वाले मालवाहक जहाज GFS Galaxy पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है. जहाज पर 11 भारतीय नाविक सवार थे, जिनमें से 10 को बचा लिया गया है, जबकि एक अब भी लापता बताया जा रहा है. घटना के बाद भारत ने क्षेत्र में तनाव कम करने और सुरक्षित समुद्री आवाजाही बहाल करने की अपील की है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल
( Image Source:
ANI )
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ओमान तट के पास एक व्यापारी जहाज पर हुए हमले ने भारत की चिंता बढ़ा दी है. साइप्रस-ध्वज वाले कंटेनर जहाज GFS Galaxy पर हुए हमले में 11 भारतीय नाविक सवार थे. भारत सरकार ने रविवार को बताया कि 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है और उसकी तलाश जारी है.
विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान जारी कर इस हमले की निंदा की और कहा कि भारतीय दूतावास ओमान की राजधानी मस्कट में स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए है. भारत ने ओमानी अधिकारियों की मदद के लिए उनका आभार भी जताया है.
कैसे हुआ हमला?
- रिपोर्ट के मुताबिक, GFS Galaxy जहाज पर ईरानी बलों की ओर से कथित तौर पर एक 'चेतावनी गोली' दागी गई, जिसके बाद जहाज में आग लग गई. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा.
- ईरान का दावा है कि यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में तय मार्ग से हटकर जा रहा था, इसलिए चेतावनी कार्रवाई की गई.
- होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में गिना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और व्यापारिक सामान की आवाजाही होती है. इसी वजह से इस इलाके में किसी भी सैन्य घटना का असर वैश्विक व्यापार और ऊर्जा बाजार पर पड़ता है.
- जहाज पर हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के मिसाइल, ड्रोन, नौसैनिक ठिकानों, गोला-बारूद भंडार और निगरानी केंद्रों सहित लगभग 140 सैन्य ठिकानों पर नए हमले किए हैं.
- अमेरिकी सेना का दावा है कि पिछले तीन दिनों में 300 से अधिक लक्ष्यों को निशाना बनाया गया है. वहीं ईरान ने भी क्षेत्र के कई देशों, बहरीन, कुवैत, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान पर जवाबी कार्रवाई करने का दावा किया है. इससे पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है.
- भारत ने साफ कहा है कि क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों और नागरिक ढांचे पर हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं. विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से तुरंत तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है.
- भारत ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध नौवहन जल्द से जल्द बहाल होना चाहिए.
- भारत के हजारों नाविक और समुद्री कर्मचारी खाड़ी क्षेत्र में काम करते हैं. इसके अलावा भारत का बड़ा हिस्सा तेल आयात भी इसी समुद्री मार्ग से होता है.
- ऐसे में होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी तरह का सैन्य तनाव भारत के व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा पर सीधा असर डाल सकता है.
- फिलहाल सबसे बड़ी चिंता उस एक भारतीय नाविक की है, जो अब भी लापता है. भारतीय दूतावास और ओमानी एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई हैं.




