2 पेटेंट, Google में बड़ी जिम्मेदारी, कौन थीं शीतल व्रजेसियन, जिनकी अमेरिका में गोली मारकर हत्या हुई; पति पर गंभीर आरोप- Detail
अमेरिका के जॉर्जिया में भारतीय मूल की Google की वरिष्ठ टेक्नोलॉजी अधिकारी शीतल व्रजेसियन की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मामले में उनके पति को गिरफ्तार कर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में भारतीय मूल की महिला और Google की वरिष्ठ टेक्नोलॉजी अधिकारी शीतल व्रजेसियन (Sheetal Wrzesien) की कथित घरेलू हिंसा की घटना में गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना में उनका बेटा भी गोली लगने से घायल हो गया. मामले में पुलिस ने शीतल के पति किर्क बी. व्रजेसियन (Kirk B Wrzesien) को गिरफ्तार कर लिया है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 56 वर्षीय किर्क बी. व्रजेसियन को मंगलवार रात अटलांटा के पास कॉब काउंटी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया. फिलहाल उन्हें कॉब काउंटी एडल्ट डिटेंशन सेंटर में बिना जमानत के रखा गया है.
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के मुताबिक, जॉर्जिया के स्मिर्ना (Smyrna) शहर में मंगलवार शाम स्थानीय समयानुसार रात करीब 8 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घर के अंदर पुलिस को 57 वर्षीय शीतल व्रजेसियन गोली लगने की हालत में मिलीं. उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और बाद में उनकी मौत हो गई.
बेटे की क्या है कंडीशन?
घटना के दौरान दंपति के 23 वर्षीय बेटे जेसन व्रजेसियन (Jason Wrzesien) भी गोली लगने से घायल हो गए. वह घर के बाहर घायल अवस्था में मिले, जिसके बाद आपातकालीन सेवाओं की टीम उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गई. फिलहाल अधिकारियों ने जेसन की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई नई जानकारी साझा नहीं की है.
पति के खिलाफ क्या हुआ एक्शन?
कॉब काउंटी पुलिस विभाग का हवाला देते हुए स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि किर्क व्रजेसियन पर कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. उन पर एक फेलोनी मर्डर (Felony Murder), दो एग्रेवेटेड असॉल्ट (Aggravated Assault) और किसी गंभीर अपराध के दौरान हथियार रखने (Possession of a Firearm During the Commission of a Felony) के दो आरोप लगाए गए हैं. पुलिस ने इस मामले को घरेलू हिंसा (Domestic Violence) का मामला बताया है. साथ ही कहा है कि इस घटना से आम लोगों के लिए फिलहाल कोई खतरा नहीं है.
क्या थी गोलाबारी की वजह?
जांच एजेंसियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि गोलीबारी किस वजह से हुई. मामले की जांच जारी है और अधिकारियों ने अभी तक किसी अन्य गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी है. साथ ही घटना के पीछे की संभावित वजह (Motive) का भी खुलासा नहीं किया गया है.
कौन थीं शीतल व्रजेसियन?
- शीतल व्रजेसियन Google में इंजीनियरिंग लीडर थीं. उनके पास टेक्नोलॉजी क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव था और उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण तकनीकी भूमिकाएं निभाईं.
- Google से जुड़ने से पहले उन्होंने HomeDepot.com में मोबाइल और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी परियोजनाओं का नेतृत्व किया था. रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कंपनी के डिजिटल होम डेकोर और फर्निशिंग कारोबार के विस्तार में भी अहम भूमिका निभाई थी.
- अपने करियर के दौरान उन्होंने मौसम (Weather Technology) और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी (Financial Technology) सेक्टर में भी कई तकनीकी नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभाली थीं.
- शीतल की एक्सपर्टीज रणनीतिक नेतृत्व (Strategic Leadership), संगठनात्मक बदलाव (Organisational Transformation), मोबाइल और वेब टेक्नोलॉजी, मार्केटिंग टेक्नोलॉजी और ई-कॉमर्स जैसे सेक्टर्स में थी.
- रिपोर्ट के अनुसार, शीतल का बचपन इंग्लैंड, भारत और घाना में बीता. इसके बाद उन्होंने अमेरिका जाकर जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (Georgia Institute of Technology) से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की. वह जॉर्जिया के अटलांटा में अपने पति और दो बच्चों, जेसन और जेसिका, के साथ रहती थीं.
- शीतल व्रजेसियन दो सॉफ्टवेयर पेटेंट की नामित आविष्कारक (Named Inventor) भी थीं. इसके अलावा वह Georgia Tech College of Computing की एडवाइजरी बोर्ड की सदस्य थीं और Georgia Tech Alumni Association के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ में भी अपनी सेवाएं दे रही थीं.
- फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों ने अभी तक घटना के पीछे की वजह या जांच से जुड़े किसी अतिरिक्त निष्कर्ष की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.




