Begin typing your search...

Budget 2026 में हरियाणा को इंफ्रा, रोजगार और कृषि सेक्टर में मिली बड़ी सौगात, राखीगढ़ी को अब दुनिया में भी मिलेगी पहचान

Budget 2026-27 में बढ़े हुए कैपेक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर मिशन, कृषि और स्वास्थ्य निवेश से हरियाणा को बड़ा फायदा मिला है. राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय पहचान और नए अस्पतालों की मंजूरी से राज्य का समग्र विकास तेज होने की उम्मीद है.

Budget 2026 में हरियाणा को इंफ्रा, रोजगार और कृषि सेक्टर में मिली बड़ी सौगात, राखीगढ़ी को अब दुनिया में भी मिलेगी पहचान
X
( Image Source:  Sora_ AI )

Budget 2026 for Haryana: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 ने हरियाणा के विकास को नई रफ्तार देने का संकेत दिया है. 53.5 लाख करोड़ रुपये के कुल बजट में पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 9 प्रतिशत अधिक है. यह बढ़ोतरी हरियाणा जैसे औद्योगिक, कृषि और एनसीआर से जुड़े राज्य के लिए बड़े अवसर लेकर आई है.

बजट 2026 में राज्यों को 1.4 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर हिस्सा देने का प्रावधान किया गया है. 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत राज्यों का हिस्सा 41 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है, जिससे हरियाणा को शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए मजबूत वित्तीय सहयोग मिलेगा.

इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़ा बूस्ट

12.2 लाख करोड़ रुपये के कैपेक्स से रेल, सड़क, आरआरटीएस, ईवी चार्जिंग नेटवर्क और इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) जैसे प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी. IMT खरखोदा, मानेसर और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में नए निवेश से लाखों रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मांग के अनुरूप RIDF और UIDF में बढ़ोतरी से ग्रामीण और शहरी ढांचा और मजबूत होगा.

सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग और टेक हब

इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के तहत किए गए प्रावधान हरियाणा के इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं. MSME, स्टार्टअप्स और बायोफार्मा पर फोकस से युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे.

कृषि और ग्रामीण विकास पर जोर

कृषि प्रधान राज्य हरियाणा को बजट में फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए अहम समर्थन मिला है. ‘मेरा पानी–मेरी विरासत’ जैसी योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा. एग्री-इंडस्ट्री और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए सेक्टरों में निवेश की घोषणा की गई है.

स्वास्थ्य और सामाजिक विकास

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य में नए अस्पताल खोले जा रहे हैं और मौजूदा संस्थानों को अपग्रेड किया जा रहा है. रेवाड़ी के लिसान और करावरा मानकपुरा में नए आयुर्वेदिक औषधालय, यमुनानगर के रादौर में 50 बेड का अस्पताल और महेंद्रगढ़ के नांगल सिरोही में CHC की मंजूरी दी गई है. इन परियोजनाओं पर लगभग 55 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

राजनीतिक प्रतिक्रिया

हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप है. उन्होंने दावा किया कि बजट में शिक्षा, रोजगार, महिला और किसान सशक्तिकरण पर खास ध्यान दिया गया है और विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा है.

राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय पहचान

बजट में ऐतिहासिक स्थल राखीगढ़ी को 15 आइकॉनिक पुरातात्विक स्थलों की सूची में शामिल करने की घोषणा की गई है. यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पाथवे, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे सिंधु घाटी सभ्यता की इस सबसे बड़ी साइट को वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद है.

कुल मिलाकर, बजट 2026-27 हरियाणा को इंफ्रा, रोजगार, कृषि, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में ग्रोथ इंजन बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है.

Haryana Newsबजट 2026
अगला लेख