दाढ़ी से लेकर पहनावा तक राहुल गांधी जैसा, कांग्रेस का ये नेता भी महीनों से निकाल रहा भारत जोड़ो जैसी यात्रा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर हरियाणा में भी एक ऐसी ही यात्रा चर्चा में है. पूर्व हिसार सांसद बृजेंद्र सिंह पिछले कई महीनों से ‘सद्भाव यात्रा’ निकाल रहे हैं, जिसका मकसद सामाजिक एकता और भाईचारा बढ़ाना बताया जा रहा है. खास बात यह है कि उनका लुक-लंबी दाढ़ी, टी-शर्ट और पैदल चलने का अंदाज. राहुल गांधी की यात्रा से काफी मिलता-जुलता नजर आता है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है.
हरियाणा की सियासत में इन दिनों एक नई यात्रा ने हलचल मचा दी है. कांग्रेस नेता और पूर्व हिसार सांसद Brijendra Singh की अगुवाई में निकली ‘सद्भाव यात्रा’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. करीब 183 दिनों तक चली यह यात्रा अब 72 विधानसभा क्षेत्रों का लंबा सफर तय कर एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. इस दौरान गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक एकता और भाईचारे का मैसेज देने का दावा किया गया है.
दिलचस्प बात यह है कि इस यात्रा की तुलना सीधे तौर पर Rahul Gandhi की चर्चित भारत जोड़ो यात्रा से की जा रही है. सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक, बृजेंद्र सिंह के पहनावे और स्टाइल को लेकर खूब चर्चा हो रही है. कई यूजर्स तो उन्हें ‘दूसरे राहुल गांधी’ तक कह रहे हैं.
क्या है ‘सद्भाव यात्रा’ और क्यों हो रही तुलना ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से?
‘सद्भाव यात्रा’ सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा और एकता का संदेश देने का प्रयास बताया जा रहा है. लेकिन इसकी सबसे बड़ी चर्चा इस बात को लेकर है कि यह यात्रा काफी हद तक राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से मिलती-जुलती नजर आती है. लंबा समय, लगातार पैदल सफर, लोगों से सीधा संवाद- इन सभी पहलुओं ने इस यात्रा को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है.
क्या सच में बृजेंद्र सिंह का पहनावा राहुल गांधी जैसा है?
अगर आप तस्वीरें देखें तो यह समानता साफ नजर आती है. बृजेंद्र सिंह ने भी राहुल गांधी की तरह लंबी दाढ़ी रखी हुई है और सिंपल टी-शर्ट, पैंट और जूते में नजर आते हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग मजाकिया अंदाज में उन्हें राहुल गांधी से जोड़ते हैं. हालांकि, समर्थक इसे एक सादगी और जनसंपर्क की रणनीति मानते हैं.
क्या है इस यात्रा का असली मकसद?
घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में यात्रा के दौरान बृजेंद्र सिंह ने साफ कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज को जोड़ने का मिशन है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी समाज में विभाजन की राजनीति कर रही है और ‘सद्भाव यात्रा’ उसी के खिलाफ एक जवाब है.
राहुल गांधी को लेकर क्या बोले बृजेंद्र सिंह?
एक वीडियो में बृजेंद्र सिंह ने राहुल गांधी की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि 'देश में एक नेता है ऐसा जो भाजपा और RSS की विचारधार से सीधे लड़ाई लड़ते हैं वो हैं राहुल गांधी.' आगे उन्होंने कहा कि 'वो कभी दाए-बाएं नहीं हुए हैं, इसलिए मैं उनका सम्मान करता हूं और उन्हें अपना नेता मानता हूं.'
क्या इस यात्रा में बड़े नेताओं का भी मिला साथ?
इस यात्रा में कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए. बृजेंद्र सिंह के पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री Chaudhary Birender Singh, पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी, रघुबीर संधू और भूपिंदर लाठर समेत कई कांग्रेस नेता इस अभियान में नजर आए. इन नेताओं ने लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस को मजबूत करें और समाज में फैल रही विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ खड़े हों.
क्या ‘सद्भाव यात्रा’ बन सकती है हरियाणा की नई राजनीतिक दिशा?
लगातार 183 दिनों तक चली यह यात्रा और 72 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचना अपने आप में एक बड़ा राजनीतिक संदेश है. जिस तरह से यह अभियान लोगों के बीच पहुंचा है, उससे साफ है कि कांग्रेस हरियाणा में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह यात्रा आने वाले चुनावों में कोई बड़ा राजनीतिक असर डाल पाती है या नहीं.




