Delhi-NCR में भीषण गर्मी के साथ अब लू का अलर्ट, कब मिलेगी राहत; जानें क्या कहता है IMD का अनुमान
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. आने वाले कुछ दिन बेहद गर्म रहने वाले हैं.
Delhi Heatwave
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहीं दूसरी ओर उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है. मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
हाल ही में हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब तापमान एक बार फिर तेजी से चढ़ने लगा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आने वाले कुछ दिन बेहद गर्म रहने वाले हैं. राजधानी में 19 से 22 मई तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.
कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लगातार बढ़ती गर्मी और उमस के कारण लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत मिलने की संभावना कम है. IMD का कहना है कि राजधानी में अगले कुछ दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाएं चल सकती हैं. खासतौर पर दोपहर के समय हीटवेव का असर ज्यादा देखने को मिलेगा.
कहां-कहां लू का अलर्ट?
राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है. वहीं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है, कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे लोगों को रात में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा और नींद प्रभावित हो सकती है.
कब तक रहेगी भीषण गर्मी?
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 मई से 21 मई तक उत्तर और मध्य भारत में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है. इसके बाद 22 मई से कुछ क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है. हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल लोगों को गर्मी और लू से सतर्क रहने की जरूरत है.
कब बदलेगा मौसम?
दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून केरल पहुंच चुका है और इसके धीरे-धीरे आगे बढ़ने के साथ जून के पहले सप्ताह में उत्तर और मध्य भारत में बारिश शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मॉनसून की सक्रियता बढ़ने के बाद लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है.




