पहले बारिश, फिर भयंकर गर्मी की तपिश झेलेगा Delhi-NCR! IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 17 से 22 मई के बीच दिल्ली के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
delhi ncr Weather
Delhi-NCR Weather: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि कई इलाकों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है. खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
कितनी बढ़ेंगी दिल्ली में गर्मी?
दिल्ली में पिछले कई दिनों से गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. शुष्क मौसम और तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. शनिवार को राजधानी में दिनभर चटक धूप रही, जिससे अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. आर्द्रता के स्तर में भी बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला. मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम आर्द्रता 73 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 28 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे उमस और गर्मी दोनों का असर महसूस किया गया.
कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 22 मई के बीच दिल्ली के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. रविवार 17 मई को तेज गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे मौसम थोड़ी देर के लिए सुहावना हो सकता है.
कब से बढ़ेगी गर्मी?
हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार की हल्की राहत के बाद दिल्ली में गर्मी और अधिक प्रचंड रूप ले सकती है. 18 से 22 मई के बीच आसमान पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है, जिससे तेज धूप के कारण तापमान में तेजी से इजाफा होगा. मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक सप्ताह की शुरुआत में ही राजधानी का पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
दिल्ली में आने वाले दिनों में तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलती रहेंगी, जबकि कुछ मौकों पर इनकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि तेज हवाओं के बावजूद गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.




