Begin typing your search...

दिल्ली-यूपी-बिहार में गर्मी का कहर, असम में बाढ़ से 23 हजार लोग प्रभावित; IMD ने 10 राज्यों में जारी किया अलर्ट

देश के कई राज्यों में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत गर्मी और लू से झुलस रहा है, जबकि असम में भारी बारिश और बाढ़ ने हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने बिहार, यूपी, उत्तराखंड समेत 10 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली-यूपी-बिहार में गर्मी का कहर, असम में बाढ़ से 23 हजार लोग प्रभावित; IMD ने 10 राज्यों में जारी किया अलर्ट
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 16 May 2026 8:00 AM

देश के उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में लोग गर्मी से बेहाल हैं. तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है और लू की स्थिति बनी हुई है. लेकिन इसी समय एक राज्य ऐसा भी है जहां पूरी तरह उलटा माहौल है. पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. बाढ़ की वजह से करीब 23 हजार लोग प्रभावित हुए हैं. मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने 10 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है.

इन राज्यों में कभी-कभी तेज हवाएं चलेंगी, बिजली गिरने की आशंका रहेगी और पेड़ भी उखड़ सकते हैं. खासतौर पर बिहार में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कहा है कि जहां भी मौसम अचानक बदलने वाला है, वहां बिजली गिरने का खतरा ज्यादा होगा. इसलिए लोग घर से निकलते समय सावधानी बरतें. आंधी चलने पर कभी भी पेड़ों के नीचे या उनकी आड़ में खड़े न हों. अब चलिए जानते हैं कि आज और अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है.

दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज शाम को काले बादल छा सकते हैं. हवाएं 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. हालांकि, राहत ज्यादा नहीं मिलेगी. अगले तीन-चार दिनों तक गर्मी बनी रहेगी. 16 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 18 मई को तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. 19 और 20 मई को भी गर्मी से खास राहत की उम्मीद नहीं है। दिनभर तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी.

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में मौसम बार-बार बदल रहा है. एक तरफ आंधी-तूफान और बारिश हो रही है, तो दूसरी तरफ कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है. 16 से 18 मई तक ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और मालवा क्षेत्र में लू चलने की आशंका है. धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन जैसे इलाकों में तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है. लोग गर्मी और आंधी दोनों से परेशान रह सकते हैं.

राजस्थान

राजस्थान में भी गर्मी का कहर जारी है. फलोदी राज्य का सबसे गर्म स्थान बना हुआ है, जहां तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है. अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है. लेकिन पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और भी बढ़ने वाली है.

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है. आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया समेत कई जिलों में 16 और 17 मई को तेज बारिश के साथ 60-65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. लखनऊ में 16 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

बिहार और झारखंड

बिहार में सबसे तेज आंधी का खतरा है. गया, पटना, चंपारण, सिवान, भोजपुर, मुंगेर, भागलपुर, पूर्णिया समेत लगभग सभी प्रमुख जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है. हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. लोगों को खासतौर पर सावधानी बरतनी होगी. झारखंड के बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, दुमका, गुमला आदि जिलों में 16-17 मई को बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश

उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, हरिद्वार आदि इलाकों में भारी बारिश और 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा, चंबा, मंडी, शिमला, मनाली आदि क्षेत्रों में भारी बारिश और 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की आंधी की चेतावनी है. मनाली में दिन का तापमान मात्र 11 डिग्री और रात का 2 डिग्री रहने की संभावना है.

मौसम
अगला लेख