Begin typing your search...

Salman Khan का खुलासा, अपने पूरे करियर में नहीं पढ़ी कभी कोई स्क्रिप्ट; उधार लेकर पहनते हैं करोड़ों की घड़ियां

सलमान खान ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने पूरे करियर में कभी किसी फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी. उन्होंने महंगी घड़ियों और अपनी अपकमिंग फिल्मों ‘मातृभूमि’ और SVC63 को लेकर भी बड़ी बातें साझा कीं.

Salman Khan का खुलासा, अपने पूरे करियर में नहीं पढ़ी कभी कोई स्क्रिप्ट; उधार लेकर पहनते हैं करोड़ों की घड़ियां
X
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 16 May 2026 8:22 AM

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) ने अपने करियर में कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. 'मैने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन', ‘दबंग’, 'बजरंगी भाईजान', 'सुल्तान' और 'भारत' जैसी फिल्मों ने उन्हें देश का सबसे बड़ा सितारा बना दिया. लेकिन हाल ही में सलमान ने एक ऐसा राज खोला है, जिसे सुनकर उनके लाखों फैंस हैरान रह गए. सलमान खान ने हाल ही में वैरायटी इंडिया के साथ एक खुलकर बातचीत की.

इस इंटरव्यू का छोटा प्रमो वीडियो शुक्रवार को जारी हुआ और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इस बातचीत में सलमान ने फिल्म चुनने की अपनी खास प्रक्रिया के बारे में बताया. उन्होंने कहा, 'मैंने अपने पूरे करियर में कभी कोई स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी. मैंने स्क्रिप्ट लिखी हैं, लेकिन कभी पढ़ी नहीं हैं.' सलमान का यह बयान सुनकर कई लोग चौंक गए. उन्होंने आगे बताया कि वे पूरी स्क्रिप्ट को शुरू से लेकर अंत तक पढ़ने की बजाय फिल्म के कुल माहौल, कहानी का ट्रीटमेंट और उसकी व्यावसायिक संभावनाओं को समझना ज्यादा पसंद करते है.

महंगी घड़ियों का राज भी खोला

सलमान खान अक्सर पब्लिक इवेंट और फिल्म प्रमोशन्स में बहुत महंगी घड़ियां पहनकर आते हैं. इनमें से कई घड़ियों की कीमत एक करोड़ रुपये से भी ज्यादा बताई जाती है. इस पर भी सलमान ने साफ़ बात की. उन्होंने हिंदी में कहा, 'आप मुझे घड़ियां पहने हुए देखते हैं, इसका मतलब यह नहीं कि वे घड़ियां मेरी हैं. ये मेरे दोस्त की हैं.' इस बयान से साफ हो गया कि सलमान खुद इतनी महंगी घड़ियां खरीदकर नहीं पहनते, बल्कि वे अपने दोस्तों की घड़ियां उधार लेकर या पहनकर आते हैं.

सलमान की आने वाली फिल्में

सलमान खान अब अपनी अगली फिल्मों को लेकर काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं. उनकी एक फिल्म 'मातृभूमि' जल्द रिलीज होने वाली है. पहले इस फिल्म का नाम 'बैटल ऑफ गलवान' था. यह फिल्म गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच हुए वास्तविक संघर्ष पर आधारित बताई जा रही थी. लेकिन अब फिल्म में बड़े बदलाव किए गए हैं. फिल्म का नाम बदल दिया गया है, चीन और गलवान घाटी से जुड़े संदर्भ हटा दिए गए हैं और टीम बड़े पैमाने पर रीशूट कर रही है. इस फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के एक कर्नल की भूमिका निभा रहे हैं. उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में हैं. फिल्म सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले बनी है और इसका निर्देशन अपूर्वा लखिया कर रही हैं. अभी तक रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

ईद पर रिलीज होगी ये फिल्म

इसके अलावा, सलमान नयनतारा के साथ एक नई फिल्म कर रहे हैं. इस फिल्म की रिलीज ईद 2027 पर तय हो गई है. अभी इस प्रोजेक्ट को SVC63 नाम से जाना जा रहा है. फिल्म का निर्देशन साउथ निर्देशक वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं. हाल ही में सलमान को फिल्म 'राजा शिवाजी' में एक धांसू कैमियो रोल में देखा गया था. इसमें उन्होंने जीवा महाला का किरदार निभाया था. उनके योद्धा अवतार को सोशल मीडिया यूजर्स ने बहुत पसंद किया. इस फिल्म में रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख भी मुख्य भूमिकाओं में थे.

salman khan
अगला लेख